भारत
दीप जलाने से रोकने पर राहुल गांधी जवाब दें, भाजपा सरकार होती तो कोर्ट जाने की नौबत नहीं आती: गिरिराज सिंह
jantaserishta.com
29 Nov 2026 5:05 PM IST

x
गाजीपुर: केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने तमिलनाडु के मदुरै में दीप जलाने को लेकर उठे विवाद पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी से जवाब मांगा है। उन्होंने कहा कि मदुरै में हिंदुओं को अपने आराध्य के सामने पारंपरिक रूप से दीप जलाने के लिए अदालत का दरवाजा खटखटाना पड़ा। अगर वहां भाजपा की सरकार होती तो न दीप जलाने से रोका जाता और न ही लोगों को अपने धार्मिक अधिकारों के लिए कोर्ट जाना पड़ता। उन्होंने इस मामले में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के बयान का समर्थन करते हुए हिंदुओं से एकजुट रहने की अपील की।
गिरिराज सिंह रविवार को गाजीपुर के मोहम्मदाबाद स्थित शहीद पार्क में पूर्व विधायक कृष्णानंद राय की 21वीं पुण्यतिथि और शहादत दिवस कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे। इस दौरान उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर सहित कई नेता और कार्यकर्ताओं ने कृष्णानंद राय समेत शहीद हुए लोगों को श्रद्धांजलि अर्पित की। मदुरै विवाद पर केंद्रीय मंत्री ने कहा कि तमिलनाडु में कांग्रेस की सहयोगी पार्टी की सरकार है, इसलिए राहुल गांधी को इस मामले पर जवाब देना चाहिए।
उन्होंने आरोप लगाया कि हाईकोर्ट ने हिंदुओं के धार्मिक अधिकारों के संरक्षण के लिए आदेश दिया, लेकिन उसका पालन नहीं किया गया। हिंदू प्राचीन परंपरा के अनुसार दीप जलाकर अपने इष्टदेव को प्रणाम करते रहे हैं। उन्होंने कहा कि यदि वहां भाजपा की सरकार होती तो दीप भी जलते और लोगों को अदालत का रुख भी नहीं करना पड़ता। उन्होंने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर भी निशाना साधते हुए कहा कि वहां दुर्गा पूजा के आयोजन और धार्मिक जुलूसों को लेकर भी अनुमति की नौबत आती रही है।
गिरिराज सिंह ने कहा कि देश के हिंदुओं को एकजुट होना होगा। इसी संदर्भ में उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के 'बंटोगे तो कटोगे' वाले बयान का समर्थन किया। संसद के विशेष सत्र और परिसीमन विधेयक को लेकर विपक्ष की राजनीति पर सवाल उठाते हुए गिरिराज सिंह ने कहा कि विपक्ष के पास सरकार के खिलाफ बोलने के लिए कोई ठोस मुद्दा नहीं है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सरकारों की तुलना करते हुए कहा कि अखिलेश यादव के शासनकाल में प्रदेश अपराधियों से घिरा हुआ था, जबकि योगी सरकार का लक्ष्य प्रदेश को अपराधमुक्त बनाना है।
इसी तरह उन्होंने पिछली दिल्ली सरकार पर घोटालों से घिरे रहने का आरोप लगाया और कहा कि केंद्र में मोदी सरकार से लोगों को काफी उम्मीदें हैं। केंद्रीय मंत्री ने परिसीमन विधेयक का समर्थन करने वाले सभी लोगों के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि सरकार देश के भविष्य और लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में काम कर रही है।
इससे पहले कार्यक्रम में गिरिराज सिंह ने पूर्व विधायक कृष्णानंद राय और उनके साथ मारे गए छह अन्य लोगों को श्रद्धांजलि दी। उल्लेखनीय है कि 29 नवंबर 2005 को मोहम्मदाबाद के तत्कालीन विधायक कृष्णानंद राय समेत सात लोगों की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस हत्याकांड में मुख्तार अंसारी समेत कई लोगों को नामजद किया गया था।
jantaserishta.com
भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।
Next Story





