
x
देखें LIVE VIDEO...
Prayagraj. प्रयागराज। कांग्रेस सांसद राहुल गांधी शनिवार को प्रयागराज पहुंच गए हैं। उनके साथ प्रियंका गांधी की बेटी मिराया वाड्रा भी मौजूद हैं। प्रयागराज पहुंचने के बाद राहुल गांधी एयरपोर्ट से सीधे स्वराज भवन पहुंचे, जहां उन्होंने पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं से मुलाकात की। स्वराज भवन कांग्रेस और नेहरू-गांधी परिवार के लिए ऐतिहासिक महत्व रखता है। यही वह स्थान है, जहां पूर्व प्रधानमंत्री और राहुल गांधी की दादी इंदिरा गांधी का जन्म हुआ था। वर्तमान में स्वराज भवन एक संग्रहालय के रूप में संरक्षित है, जहां नेहरू-गांधी परिवार के साथ-साथ भारतीय स्वतंत्रता आंदोलन से जुड़ी कई महत्वपूर्ण वस्तुएं और स्मृतियां मौजूद हैं।
राहुल गांधी के प्रयागराज दौरे का मुख्य कार्यक्रम शनिवार शाम केपी कॉलेज ग्राउंड में आयोजित होने वाला ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम है। पहले यह कार्यक्रम शाम 6 बजे शुरू होना था, लेकिन अब इसके शुरू होने का समय शाम 7:30 बजे निर्धारित किया गया है। कार्यक्रम में राहुल गांधी छात्रों और युवाओं से सीधे संवाद करेंगे। कांग्रेस की ओर से दावा किया गया है कि कार्यक्रम के लिए देश और प्रदेश के विभिन्न हिस्सों से बड़ी संख्या में छात्रों ने पंजीयन कराया है। कांग्रेस के अनुसार, कार्यक्रम के लिए 2 लाख से अधिक छात्रों ने रजिस्ट्रेशन कराया है। हालांकि, कार्यक्रम शुरू होने से पहले मौके पर करीब 5 हजार लोगों के पहुंचने की जानकारी सामने आई है। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के 23 जिलों के छात्रों को बुलाया गया है। कांग्रेस की ओर से इसे युवाओं और छात्रों से सीधे संवाद का महत्वपूर्ण मंच बताया जा रहा है।
राहुल गांधी अपने संबोधन के दौरान युवाओं से जुड़े कई मुद्दों को उठाने की तैयारी में हैं। इनमें बेरोजगारी, नीट पेपर लीक, भर्ती परीक्षाओं में कथित गड़बड़ी और छात्रों पर लाठीचार्ज जैसे मुद्दे प्रमुख बताए जा रहे हैं। कांग्रेस का कहना है कि कार्यक्रम के माध्यम से राहुल गांधी छात्रों की समस्याओं और उनके भविष्य से जुड़े सवालों को सामने रखेंगे तथा सरकार से जवाब मांगेंगे। कार्यक्रम स्थल पर कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता और पदाधिकारी मौजूद हैं। कांग्रेस प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत, इलाहाबाद से कांग्रेस सांसद उज्ज्वल रमण सिंह, विधायक आराधना मिश्रा मोना और अमेठी सांसद किशोरी लाल शर्मा समेत कई नेता कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा ले रहे हैं। कार्यक्रम स्थल पर मंच तैयार किया गया है और वहां गाने भी बजाए जा रहे हैं। छात्रों के बैठने और अन्य व्यवस्थाओं को लेकर भी तैयारियां की गई हैं।
राहुल गांधी के कार्यक्रम को लेकर प्रयागराज शहर में कांग्रेस नेताओं की ओर से कई पोस्टर लगाए गए हैं। इनमें रोजगार और युवाओं के मुद्दों को प्रमुखता से उठाया गया है। एक पोस्टर पर लिखा गया है, “जॉब नहीं मिलेगा, तो सिंहासन हिलेगा।” कांग्रेस इन नारों के जरिए बेरोजगारी और रोजगार के मुद्दे को सरकार के खिलाफ राजनीतिक अभियान से जोड़ती नजर आ रही है। उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने भी राहुल गांधी के कार्यक्रम को लेकर भाजपा और सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी से पूरी सरकार डर गई है। अजय राय ने आरोप लगाया कि भाजपा के लोग डरे और घबराए हुए हैं, क्योंकि उन्होंने बच्चों और देशहित में कोई काम नहीं किया। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि छात्रों और युवाओं की समस्याओं को लेकर राहुल गांधी लगातार आवाज उठाते रहे हैं।
कार्यक्रम के लिए केपी कॉलेज ग्राउंड में बड़े स्तर पर व्यवस्थाएं की गई हैं। जानकारी के अनुसार, राहुल गांधी के कार्यक्रम के लिए करीब 2 करोड़ रुपये की लागत से पंडाल तैयार किया गया है। पंडाल के पिछले हिस्से में वीआईपी लाउंज बनाया गया है। वीआईपी मेहमानों के लिए यहां 8 स्टॉल तैयार किए गए हैं। कार्यक्रम में आने वाले छात्रों के लिए चाय और पानी की व्यवस्था भी की गई है। कुछ छात्रों के लिए रात के खाने का इंतजाम किए जाने की जानकारी भी सामने आई है। दूर-दराज से आने वाले छात्रों की सुविधा के लिए कार्यक्रम स्थल तक पहुंचने के लिए मुफ्त ई-रिक्शा की व्यवस्था भी की गई है। कांग्रेस कार्यकर्ता छात्रों के आवागमन और कार्यक्रम स्थल पर उनकी सुविधाओं को लेकर व्यवस्थाओं में जुटे हुए हैं।
‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम की शुरुआत राहुल गांधी ने 17 जून को राजस्थान के कोटा से की थी। कोटा देश में प्रतियोगी परीक्षाओं और शिक्षा की तैयारी के प्रमुख केंद्रों में शामिल है। इसके बाद 17 जुलाई को राहुल गांधी ने देहरादून में छात्रों और युवाओं से संवाद किया था। अब इसी अभियान के तहत प्रयागराज में कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। प्रयागराज राहुल गांधी के लिए राजनीतिक और पारिवारिक दृष्टि से भी महत्वपूर्ण शहर है। इससे पहले वह 18 फरवरी 2024 को भारत जोड़ो न्याय यात्रा के दौरान प्रयागराज पहुंचे थे। उस दौरान भी उन्होंने स्वराज भवन का दौरा किया था। शनिवार को एक बार फिर स्वराज भवन पहुंचकर राहुल गांधी ने पार्टी नेताओं से मुलाकात की और ऐतिहासिक स्थल का दौरा किया। अब सभी की नजरें शाम 7:30 बजे होने वाले ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम पर हैं। राहुल गांधी छात्रों के बीच किन मुद्दों को प्रमुखता से उठाते हैं और सरकार पर किस तरह निशाना साधते हैं, इस पर राजनीतिक गलियारों की नजर रहेगी। कांग्रेस इसे युवाओं की आवाज को मंच देने वाला कार्यक्रम बता रही है, जबकि भाजपा और सरकार की ओर से इस पर प्रतिक्रिया सामने आना बाकी है।
TagsRahul Gandhi PrayagrajStudents Ki GoonjPrayagraj NewsCongress NewsRahul Gandhi StudentsPriyanka GandhiMiraya VadraSwaraj BhavanUttar Pradesh CongressYouth Issuesराहुल गांधी प्रयागराजछात्रों की गूंजप्रयागराज समाचारकांग्रेस समाचारराहुल गांधी छात्र संवादप्रियंका गांधीमिराया वाड्रास्वराज भवनउत्तर प्रदेश कांग्रेसबेरोजगारी मुद्दाRahul Gandhi Student DialogueUnemployment Issue
Next Story





