भारत

राहुल गांधी सत्ता के लिए व्याकुल हैं, उनके पास अपना कोई विजन नहीं : गिरिराज सिंह

Nil dhankar
21 Jun 2026 3:05 PM IST
राहुल गांधी सत्ता के लिए व्याकुल हैं, उनके पास अपना कोई विजन नहीं : गिरिराज सिंह
x

मुजफ्फरपुर। केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कांग्रेस सांसद राहुल गांधी पर तीखा हमला करते हुए कहा कि वे सत्ता पाने के लिए बेहद व्याकुल हो चुके हैं और उनके पास कोई विजन या एजेंडा नहीं है। मुजफ्फरपुर में आईएएनएस से बात करते हुए गिरिराज सिंह ने लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी के पास अपना कुछ नहीं है। उनके पास कोई विजन नहीं है, कोई एजेंडा नहीं है। वे एक कन्फ्यूज्ड व्यक्ति हैं। जहां मजदूरों से जुड़ी कोई घटना होती है, वहां जाते हैं और जहां छात्रों से जुड़ी कोई बात होती है, वहां पहुंच जाते हैं। राहुल गांधी सिर्फ कन्फ्यूजन फैलाना चाहते हैं और सोचते हैं कि कैसे सत्ता में आएं। वे सत्ता के लिए व्याकुल हैं।

उन्होंने कहा कि कुछ लोग सरकार को बदनाम करने के लिए किसी भी हद तक जा सकते हैं। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तारीफ किए जाने पर गिरिराज सिंह ने कहा कि ट्रंप ने आभार जताया है। दुनिया के 33 देशों के नेताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को सबसे अधिक सम्मान दिया है। यह 140 करोड़ भारतीयों के लिए गर्व की बात है। सभी 140 करोड़ लोगों को गर्व है कि नरेंद्र मोदी हमारे प्रधानमंत्री हैं और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को गर्व है कि वे 140 करोड़ लोगों के प्रधानमंत्री हैं।

भोजपुर के भरत तिवारी एनकाउंटर मामले पर राजद-कांग्रेस के नेताओं के बयान पर गिरिराज सिंह ने कहा कि मुझे राजद या कांग्रेस के किसी भी मुद्दे पर राजनीति करने से कोई लेना-देना नहीं है। राज्य सरकार पूरी तरह पारदर्शी है और लोगों के लिए काम कर रही है। यह गांवों, घरों और गरीबों की सुरक्षा के लिए काम करती है। अगर भोजपुर में कोई घटना हुई है तो हमें नहीं पता कि न्यायिक जांच सही तरीके से हुई है या नहीं। अगर जांच हुई है तो ठीक है, अन्यथा सरकार आगे कदम उठाएगी। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर गिरिराज सिंह ने मुजफ्फरपुर के खेल भवन में आयोजित सामूहिक योग कार्यक्रम में भाग लिया और योगाभ्यास किया। उन्होंने कहा, “योग केवल शरीर को स्वस्थ रखने का माध्यम नहीं बल्कि मन, बुद्धि और आत्मा के संतुलन का सशक्त आधार है। योग का संदेश जन-जन तक पहुंचे और स्वस्थ जीवनशैली एक जनआंदोलन बने, यही हमारा प्रयास होना चाहिए।”

Next Story