
x
कॉलेज प्रशासन ने पुलिस से मांगी सख्त कार्रवाई
Bihar बिहार: अररिया जिले में स्थित राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज में रैगिंग के नाम पर एक गंभीर हिंसक घटना सामने आई है। थर्ड सेमेस्टर के कुछ छात्रों पर आरोप है कि उन्होंने सेकंड सेमेस्टर के एक छात्र को बुलाकर लाठी-डंडों, लोहे की सरिया और चाकू से बेरहमी से हमला कर दिया। घटना कॉलेज के बाहर स्थित एक लॉज के पास हुई, जिससे पूरे इलाके में दहशत फैल गई।
पीड़ित छात्र रौशन कुमार सिंह, जो गयाजी का रहने वाला है, ने आरोप लगाया है कि उसे पहले बहाने से बाहर बुलाया गया और फिर पहले से तैयार छात्रों ने उस पर सुनियोजित हमला किया। गंभीर रूप से घायल छात्र को स्थानीय लोगों की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक इलाज के बाद उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।
डॉक्टरों के अनुसार छात्र के सिर में गंभीर चोट, हाथ-पैर में फ्रैक्चर और शरीर पर कई गहरे जख्म हैं। उसकी हालत नाजुक बनी हुई है और फिलहाल उसका इलाज पूर्णिया में चल रहा है। घटना के बाद कॉलेज परिसर और आसपास के लॉज में छात्रों के बीच डर का माहौल है। कई छात्र सुरक्षा को लेकर घर लौटने पर विचार कर रहे हैं। कॉलेज प्रशासन ने पुलिस को सूचना दी है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस ने इस मामले में करीब 20 छात्रों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है और जांच शुरू कर दी है। आरोपी फिलहाल फरार बताए जा रहे हैं।
Next Story





