भारत

मौसमी बीमारियों से जिला अस्पताल में लगी मरीजों की कतारें

Nilmani Pal
1 March 2024 4:04 AM GMT
मौसमी बीमारियों से जिला अस्पताल में लगी मरीजों की कतारें
x

रायसेन। हर दिन बदलते तापमान ने आमजन के स्वास्थ्य पर असर डालना शुरू कर दिया है। फरवरी माह के समाप्त हुए आखिरी सप्ताह में गुरुवार तक जिला अस्पताल में 1834 मरीज ओपीडी में आए है। इनमें से अधिकतर सर्दी, बुखार, खांसी के मरीज है। जिला अस्पताल के डॉक्टरों का भी यह मानना है कि लगातार बदलते मौसम ने बीमारों की संख्या बढ़ाई है। अस्पताल की ओपीडी में शुक्रवार को भी कतार देखी गई। शहर में पिछले एक सप्ताह से मौसम का रूख बदला हुआ है। कभी तेज धूप हो रही है तो कभी अचानक से बादल हो रहे है। इसका परिणाम है कि जिला अस्पताल में मौसमी बीमारियों के मरीज बढ़ गए। डॉक्टरों के चैंबर के बाहर मरीजों की लंबी-लंबी कतार लगी है। शुक्रवार को इस सीजन को सुबह से मौसम बदला रहा। पिछले सप्ताह रायसेन जिला मुख्यालय में बेमौसम बारिश भी हुई थी। शुक्रवार को अलसुबह कोहरा की धुंध छाई रही।

शहर में इन दिनों पल - पल मौसम बदल रहा है। इसका असर आमजन के स्वास्थ्य पर गहरा हो रहा है। मौसम विभाग ने एक बार फिर कड़ाके की सर्दी पड़ने की चेतावनी जारी की है। इसका असर शुक्रवार 1 मार्च को नजर आया है।ऐसा लग रहा है मानो इस बार शनिवार को सुबह कोहरा छा सकता है। इन्हीं सब का नतीजा है कि जिला अस्पताल में मरीजों की संख्या बढ़ी। जिला अस्पताल की ओपीडी सूत्रों के मुताबिक जहां रोजाना 250 से 275 मरीज आते थे। उनकी संख्या बढकऱ 300 - 350 तक पहुंच गई है।

उधर मौसम वैज्ञानिकों डॉ एसएस तोमर की माने तो फिलहाल 4 दिन सर्दी से राहत नहीं मिलने वाली। हालांकि कोहरे का असर कुछ हद तक कम हो सकता है, लेकिन सर्द हवाओं के साथ ठंड का असर जारी रहेगा। शनिवार, रविवार और सोमवार को ठंड के तेवर ऐसे ही जारी रहेंगे।

कोहरे, सर्द हवाओं जैसे ठंडे मौसम ने बच्चों व बुजुर्गों को ज्यादा प्रभावित किया है।सिविल सर्जन डॉ अनिल ओढ़ आरएमओ डॉ विनोद कुमार परमार बताते हैं कि जिला अस्पताल पहुंचने वाले मरीजों में बच्चे व बुजुर्गों की सबसे ज्यादा है।इन्हें सर्दी ,झींकें,खांसी और निमोनियाके लक्षण ज्यादा है।

Next Story