भारत

PWD मंत्री ने लिया कीरतपुर-मनाली फोरलेन का जायजा

Shantanu Roy
25 Oct 2026 10:25 PM IST
PWD मंत्री ने लिया कीरतपुर-मनाली फोरलेन का जायजा
x
Naggar. नग्गर। प्रदेश के लोक निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने कुल्लू दौरे के दौरान कीरतपुर-मनाली फोरलेन की स्थिति और क्षतिग्रस्त सडक़ हिस्सों को लेकर भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के अधिकारियों के साथ बैठक की। पतलीकूहल के समीप स्पैन रिसॉर्ट में आयोजित बैठक में टनलों की स्थिति, सडक़ मार्गों को हुए नुकसान और यातायात व्यवस्था से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की गई। बैठक में मंत्री ने अधिकारियों से फोरलेन की मौजूदा स्थिति, निर्माण कार्यों और मार्ग को सुरक्षित व सुचारु बनाए रखने के संबंध में जानकारी ली। पहाड़ी क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग का महत्व देखते हुए सडक़ की स्थिति का आकलन करना और यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाना इस दौरे के प्रमुख पहलुओं में शामिल रहा।


पर्यटन की दृष्टि से महत्वपूर्ण इस हाईवे पर प्रतिदिन बड़ी संख्या में स्थानीय लोग, पर्यटक और मालवाहक वाहन आवाजाही करते हैं। ऐसे में सडक़ संपर्क और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाए रखना अहम है। कीरतपुर-मनाली फोरलेन प्रदेश को मैदानी क्षेत्रों से जोडऩे वाला प्रमुख मार्ग है। इस पर किसी भी तरह की बाधा का असर कुल्लू-मनाली आने वाले पर्यटकों, स्थानीय लोगों और पर्यटन कारोबार पर पड़ता है। बैठक में इन पहलुओं को ध्यान में रखते हुए सडक़ और आधारभूत ढांचे से जुड़े विषयों की समीक्षा की गई। इस अवसर पर वरिष्ठ कांग्रेस नेता देवेंद्र नेगी ने स्पैन रिसॉर्ट में लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह का स्वागत किया। मंत्री के कुल्लू दौरे के दौरान क्षेत्र के प्रमुख सडक़ मार्गों और आधारभूत ढांचे से जुड़े विषय चर्चा के केंद्र में रहे।
Next Story