भारत

‘इच्छाधारी नागिन’ अफवाह पर विराम, युवती ने वीडियो जारी कर बताई सच्चाई

SHIDDHANT
12 Feb 2026 8:27 PM IST
‘इच्छाधारी नागिन’ अफवाह पर विराम, युवती ने वीडियो जारी कर बताई सच्चाई
x
देखे वीडियो
Auraiya औरैया: जिले के फफूंद थाना क्षेत्र के सीगंनपुर गांव से रहस्यमय ढंग से गायब हुई युवती रीना का मामला अब नया मोड़ ले चुका है। जिस घटना को लेकर गांव में ‘इच्छाधारी नागिन’ बनने जैसी अंधविश्वासी चर्चाएं तेज हो गई थीं, उस पर रीना के इंस्टाग्राम वीडियो ने विराम लगा दिया है। युवती ने सोशल मीडिया पर सामने आकर स्पष्ट किया है कि वह अपनी मर्जी से घर छोड़कर गई थी और वीडियो में दिख रहे युवक के साथ विवाह कर चुकी है।



बताया जाता है कि रविवार रात रीना घर में सोई थी, लेकिन सोमवार सुबह वह अचानक गायब मिली। परिजनों के अनुसार, चारपाई पर उसके कपड़े और जेवर रखे मिले, साथ ही करीब पांच फीट लंबी सांप की केंचुली भी बरामद हुई। केंचुली मिलने के बाद गांव और आसपास के इलाकों में तरह-तरह की अफवाहें फैलने लगीं। कुछ लोगों ने इसे अंधविश्वास से जोड़ते हुए युवती के ‘नागिन’ बनने तक की बातें कह डालीं, जिससे मामला सोशल मीडिया पर भी तेजी से वायरल हो गया।
इसी बीच रीना ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर दो वीडियो अपलोड किए। पहले वीडियो में वह एक युवक के साथ दिखाई देती है और उसे अपना पति बताते हुए कहती है कि दोनों ने आपसी सहमति से शादी की है। उसने अपील की कि इस मामले में किसी के खिलाफ बेवजह कार्रवाई या मुकदमा न किया जाए। दूसरे वीडियो में रीना ने दोहराया कि विवाह का निर्णय पूरी तरह उसकी इच्छा से लिया गया है और किसी ने उसे मजबूर नहीं किया।
वहीं, पुलिस ने इंस्टाग्राम वीडियो की जानकारी मिलने की पुष्टि करते हुए कहा है कि युवती की सकुशल बरामदगी के लिए टीम रवाना कर दी गई है। पूरे मामले की जांच जारी है। वीडियो सामने आने के बाद ‘इच्छाधारी नागिन’ की अफवाहों पर फिलहाल विराम लग गया है।
Next Story