भारत

लव जिहाद मामला: व्यापार मंडल और हिन्दू संगठन के लोगों पर पुलिस की कार्रवाई

jantaserishta.com
15 Jun 2023 6:04 PM IST
लव जिहाद मामला: व्यापार मंडल और हिन्दू संगठन के लोगों पर पुलिस की कार्रवाई
x
25 जून को महापंचायत.
उत्तरकाशी: पुरोला में महापंचायत को रोकने के लिए लगाई गई धारा 144 के विरोध में जिले के पंचायत क्षेत्र नौगांव, बड़कोट, डामटा, मोरी में सभी व्यापारिक प्रतिष्ठान बंद हैं। इस बंद में होटल, सब्जी की दुकानें, डेयरी और मेडिकल स्टोर भी शामिल हैं। क्षेत्र में आलम ये है कि सुबह से बाजारों में सन्नाटा पसरा हुआ है। वहीं, महापंचायत को स्थगित करने से नाराज व्यापारियों ने बड़कोट और नौगांव में सड़क पर बैठकर धरना प्रदर्शन किया। साथ ही व्यापार मंडल और हिन्दू संगठन के लोग पुरोला के लिए रवाना हुए, लेकिन पुलिस ने उन्हें राजगढ़ी बैरियर पर यह कहकर रोक दिया कि महापंचायत रद्द कर दी गई है और पुरोला में धारा 144 लगा दी गई है, इसलिए भीड़ को पुरोला नहीं जाने दिया जा रहा है।
हिंदू संगठनों के कई लोग हिरासत में लिए गए। हालांकि, पुलिस ने उन्हें रिहा भी कर दिया है। अब, हिंदू संगठनों ने 25 जून को महापंचायत करने की घोषणा की है। साथ ही पुलिस प्रशासन भी सरकारी वाहनों के अलावा निजी वाहनों में बैठकर पुरोला जाने पर पूछताछ कर अपनी नजर बनाए हुए है। धारा 144 के विरोध में संपूर्ण यमुना घाटी के बाजार बंद हैं और जगह-जगह विरोध प्रदर्शन हो रहे हैं।
वहीं, व्यापारियों द्वारा प्रतिष्ठान बंद करने पर यमुनोत्री धाम में जाने वाले तीर्थयात्रियों को भारी परेशानी हो रही है। इतना ही नहीं व्यापारियों के सड़क पर बैठकर प्रदर्शन करने से यमुनोत्री हाईवे पर जाम लग गया है। जिससे स्थानीय लोगों समेत यात्रियों को जाम की समस्या का सामना करना पड़ रहा है।
जानकारी के अनुसार, उत्तरकाशी के नौगांव में विभिन्न हिंदू संगठनों के पदाधिकारियों की गिरफ्तारी हुई है। पुरोला जाने को लेकर सड़क पर धरना प्रदर्शन कर रहे कई लोगों को गिरफ्तार किया गया है। विभिन्न हिंदू संगठनों के लोग और व्यापारी मुंगरा पुल के पास बड़ी संख्या में एकत्रित हुए हैं। पुरोला तहसील क्षेत्र के अंतर्गत धारा 144 लगी है। इसलिए हिंदू संगठन के लोग नौगांव में ही महापंचायत करने की योजना बना रहे थे।
धरने पर बैठे लोगों ने जबरन पुरोला जाने की कोशिश की। जिसके बाद पुलिस के साथ धक्का-मुक्की हुई। लेकिन, मौके पर मौजूद भारी पुलिस फोर्स ने व्यापारियों और हिन्दू संगठन के लोगों को रोक दिया। जिससे वो लोग फिर धरने पर बैठ गए।
उधर, यमुना घाटी हिन्दू जागृति मंच के संयोजक केशव गिरि महाराज को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। उसके बाद धरने पर बैठे सभी लोगों ने गिरफ्तारी दी है। पुलिस वाहन में गिरफ्तार व्यापारियों और हिन्दू संगठन के लोगों को धरना स्थल से आधा किमी दूर जा कर छोड़ा गया। केशव गिरि महाराज ने अब 25 जून को बड़कोट में महापंचायत करने की घोषणा की है। धरने की वजह से करीब ढाई घंटे तक पुरोला बड़कोट मार्ग बंद रहा।
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story