भारत
पंजाबी सिंगर राजवीर जवंदा का निधन, बाइक दुर्घटना के 12 दिन बाद अस्पताल में ली अंतिम सांस
jantaserishta.com
8 Oct 2025 12:26 PM IST

x
दुखद खबर है.
मोहाली: पंजाबी संगीत जगत के लिए दुखद खबर है। मशहूर गायक राजवीर जवंदा का निधन हो गया है। लगभग 12 दिनों तक जिंदगी की जंग लड़ने के बाद, उन्होंने मोहाली के फोर्टिस अस्पताल में अपनी अंतिम सांस ली। राजवीर जवंदा 27 सितंबर को हिमाचल प्रदेश के बद्दी के पास एक भयानक बाइक दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हो गए थे, जिसके बाद से उनका इलाज चल रहा था।
राजवीर का हादसा उस वक्त हुआ जब वह अपनी बाइक राइडिंग के दौरान शिमला की ओर जा रहे थे। पिंजौर के पास सड़क पर अचानक पशु से टकराने के कारण उनकी मोटरसाइकिल अनियंत्रित हो गई। इस दुर्घटना में उन्हें सिर व रीढ़ की हड्डी में गंभीर चोटें आईं।
वहां से उन्हें अस्पताल लाते वक्त हार्ट अटैक भी आ गया था, जिसके बाद उन्हें फोर्टिस अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उन्हें लगातार वेंटिलेटर पर रखा गया था। इस घटना के बाद पंजाब में शोक की लहर दौड़ गई। पंजाब के पूर्व उप मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह रंधावा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर लिखा, "मशहूर पंजाबी गायक राजवीर जवंदा की सड़क हादसे के बाद मृत्यु की खबर ने दिल को झकझोर दिया है। वह कई दिनों तक अस्पताल में भर्ती थे और उनकी हालत गंभीर बनी रही। पंजाबी संगीत जगत ने आज एक बेजोड़ आवाज खो दी है। मैं प्रार्थना करता हूं कि भगवान उनकी आत्मा को अपने चरणों में शांति दे और परिवार को इस असहनीय दुख को सहने की ताकत दे।"
पंजाब कांग्रेस के अध्यक्ष और लुधियाना से सासंद अमरिंदर सिंह राजा वडिंग ने भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर उनकी तस्वीर पोस्ट कर लिखा, "राजवीर के निधन से बहुत दुख हुआ। हम सबने उनके जल्दी ठीक होने की प्रार्थना की थी, लेकिन अफसोस, भगवान की मर्जी कुछ और थी। मेरी संवेदनाएं उनके परिवार, दोस्तों और प्रशंसकों के साथ हैं, जो इस दुखद घटना से टूट गए हैं। मैं प्रार्थना करता हूं कि वाहेगुरु उनकी आत्मा को शाश्वत शांति दें और उनके प्रियजनों को इस दुख को सहने की ताकत दें।"
अभिनेत्री नीरू बाजवा ने भी इंस्टाग्राम पर राजवीर की एक पुरानी तस्वीर शेयर करते हुए भावुक संदेश लिखा, "खुशमिजाज और नेकदिल राजवीर का इतनी जल्दी चले जाना असहनीय दर्द है। प्रिय राजवीर, अलविदा। एक होनहार युवा प्रतिभा को खोना अपूरणीय क्षति है। उनके परिवार व निकटजनों को इस कठिन दौर में हिम्मत मिले। वह हमेशा यादों में जिंदा रहेंगे।"
पंजाबी फिल्म इंडस्ट्री के अभिनेता गुरप्रीत घुग्गी ने भी इंस्टाग्राम पर उनकी तस्वीर पोस्ट कर कैप्शन में लिखा, "जवंदा जिंदगी की जंग हार गए। हम तुम्हें नहीं भूल पाएंगे छोटे भाई।"
Tagsपंजाबी सिंगर राजवीर जवंदा का निधनपंजाबी सिंगर राजवीर जवंदाराजवीर जवंदाPunjabi singer Rajveer Jawanda passes awayPunjabi singer Rajveer JawandaRajveer Jawanda
jantaserishta.com
भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।
Next Story





