भारत
पंजाब विधानसभा सत्र: जल अधिकारों और नए विश्वविद्यालयों को लेकर सरकार पेश करेगी अहम बिल
jantaserishta.com
11 July 2025 12:29 PM IST

x
चंडीगढ़: पंजाब विधानसभा के विशेष सत्र के दूसरे दिन आम आदमी पार्टी सरकार अहम बिल पेश करने जा रही है। पंजाब के वित्त मंत्री और वरिष्ठ कैबिनेट मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने जानकारी दी कि शुक्रवार को सत्र में जल संसाधन मंत्री वीरेंद्र गोयल पंजाब के अधिकारों को लेकर सरकार का पक्ष सदन में रखेंगे।
कैबिनेट मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने कहा, "सत्र में जल संसाधन मंत्री वीरेंद्र गोयल प्रस्ताव रखेंगे कि किस तरह भारत सरकार ने बीबीएमबी (भाखड़ा ब्यास मैनेजमेंट बोर्ड) के माध्यम से पंजाब के जल अधिकारों को लूटने की कोशिश की। हम सदन में इस बारे में बताएंगे।" मंत्री ने कहा कि हमने एक बूंद पानी भी बाहर नहीं जाने दिया। हालांकि, मानवीय आधार पर हमने 4 हजार क्यूसेक पानी जरूर दिया।
हरपाल सिंह चीमा ने कहा कि पंजाब में दो नए विश्वविद्यालयों (रियात और सीजीसी यूनिवर्सिटी) की स्थापना के लिए दो प्रस्ताव विधानसभा में पेश किए जाएंगे। पंजाब शॉप एंड कमर्शियल इस्टैब्लिशमेंट एक्ट-2025 का बिल विधानसभा में पेश किया जाएगा। पंजाब लेबर वेलफेयर फंड और पंजाब में बैलगाड़ियों से जुड़ा बिल भी सदन में लाया जाएगा।
इस दौरान हरपाल सिंह चीमा ने पंजाब विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष प्रताप सिंह बाजवा की ओर से दर्ज कराई गई एफआईआर पर बात की। उन्होंने कहा, "मैं प्रताप बाजवा की ओर से दर्ज कराई गई एफआईआर का स्वागत करता हूं। पंजाब के लोगों ने देखा है कि कैसे प्रताप बाजवा और कांग्रेस नेतृत्व ने समय-समय पर यूटर्न लिया है। आप सभी ने देखा कि कैसे कांग्रेस पार्टी ने भाजपा की मदद से आम आदमी पार्टी के नेताओं के खिलाफ झूठा मामला दर्ज कराया।" चीमा ने कहा कि इससे पता चलता है कि प्रताप सिंह बाजवा के संबंध भाजपा की टॉप लीडरशिप के साथ हैं।
इधर, प्रताप सिंह बाजवा ने हरपाल सिंह चीमा के खिलाफ शिकायत को लेकर अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा, "मैंने अरविंद केजरीवाल, भगवंत मान, हरपाल सिंह चीमा और अमन अरोड़ा के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। शुक्रवार सुबह चंडीगढ़ साइबर सेल ने अमन अरोड़ा और हरपाल सिंह चीमा के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। मैं उन सभी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराउंगा, जिन्होंने मेरा वीडियो गढ़ा और गलत सूचना फैलाई।"
jantaserishta.com
भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।
Next Story





