
x
मुंबई पुलिस की कार्रवाई
Mumbai मुंबई: नवी मुंबई पुलिस ने स्पा की आड़ में चल रहे एक देह व्यापार रैकेट का सफलतापूर्वक भंडाफोड़ किया है और एक महिला मैनेजर को गिरफ्तार किया है। दरअसल, नवी मुंबई पुलिस की अपराध शाखा ने देह व्यापार के खिलाफ एक बड़ी और सफल कार्रवाई करते हुए स्पा सेंटर की आड़ में चल रहे रैकेट का भंडाफोड़ किया है। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर एएचटीयू (एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट) द्वारा यह छापेमारी की गई।
वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक गजानन कदम को गुप्त सूचना मिली थी कि एथेंस स्पा में महिला मैनेजर द्वारा अन्य महिलाओं से जबरन देह व्यापार कराया जा रहा है। सूचना की पुष्टि के लिए पुलिस टीम ने एक फर्जी ग्राहक और पंच को स्पा भेजा। फर्जी ग्राहक से मिले तय इशारे के तुरंत बाद पुलिस दल ने स्पा सेंटर पर छापा मारा।
पुलिस द्वारा मौके से पीड़ित महिलाओं को देह व्यापार के दलदल से सुरक्षित बाहर निकाला गया। मामले की जांच में सामने आया कि स्पा की 24 वर्षीय महिला मैनेजर, तीन अन्य सहयोगी महेश मोहनन नायर, सुहास नंदकुमार जाधव और वैभव रामचंद्र भास्कर के साथ मिलकर इस अवैध धंधे को संचालित कर रही थी।
जांच में पता चला कि ये सभी आरोपी स्पा में मसाज के नाम पर महिलाओं को लाते थे और फिर उन्हें देह व्यापार के लिए विवश करते थे। पुलिस ने महिला मैनेजर को फर्जी ग्राहक से रुपए लेते हुए रंगे हाथों पकड़ा और गिरफ्तार कर लिया, जबकि अन्य तीन फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता और पिटा कानून की विभिन्न सुसंगत धाराओं के तहत सीबीडी पुलिस थाने में मामला दर्ज किया गया है। अदालत ने गिरफ्तार महिला आरोपी को पुलिस हिरासत में भेज दिया है और पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।
Next Story





