भारत

प्रियंका गांधी मां शाकंभरी देवी मंदिर में मत्था टेकने के बाद चिलकाना में किसान महापंचायत को करेंगी संबोधित

Kajal Dubey
9 Feb 2021 5:11 PM GMT
प्रियंका गांधी मां शाकंभरी देवी मंदिर में मत्था टेकने के बाद चिलकाना में किसान महापंचायत को करेंगी संबोधित
x
कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी बुधवार को मां शाकंभरी देवी मंदिर में मत्था टेकने के बाद चिलकाना में किसान पंचायत को संबोधित करेंगी।

कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी बुधवार को मां शाकंभरी देवी मंदिर में मत्था टेकने के बाद चिलकाना में किसान पंचायत को संबोधित करेंगी। पंचायत के जरिये सियासी तीर चलाए जाएंगे तो किसानों की पीड़ा को मुद्दा बनाते हुए कांग्रेस को मजबूत करने की कोशिश की जाएगी। इस कार्यक्रम की तैयारियां कांग्रेसियों ने पूरी कर ली हैं।

सहारनपुर के चिलकाना में होने वाली किसान पंचायत में बड़ी संख्या में लोगों के आने की संभावना है। कांग्रेस नेता गांव-गांव जाकर लोगों को पंचायत में शामिल होने का न्योता दे रहे हैं। पूर्व विधायक इमरान मसूद ने बताया कि बुधवार दोपहर दो बजे महासचिव प्रियंका गांधी किसान पंचायत में पहुंचेंगी। मंच तैयार है और कार्यक्रम स्थल पर लगभग 15 हजार लोगों के बैठने की व्यवस्था की गई है। इतने ही लोगों के खड़ा होने की व्यवस्था है। पैठ बाजार और पशु मंडी स्थल में वाहन पार्किंग रहेगी। कार्यक्रम के दौरान व्यवस्था को संभालने के लिए वॉलंटियर्स तैनात रहेंगे। किसी भी प्रकार की अव्यवस्था नहीं होने दी जाएगी।

ये रहेगा प्रियंका गांधी का निर्धारित कार्यक्रम
सुबह 10 बजे - देहरादून एयरपोर्ट पर पहुंचने के बाद सड़क मार्ग से सहारनपुर जिले के लिए रवाना होंगी।
पूर्वाह्न 11:30 पर - प्राचीन सिद्धपीठ मां शाकंभरी देवी मंदिर में पहुंचकर पूजन करेंगी।
दोपहर 12:30 पर - ग्राम रायपुर स्थित खानकाह में हजरत रायपुरी की दरगाह पर हाजिरी लगाएंगी।
दोपहर 1:30 पर - चिलकाना में गंदेवड़ मार्ग स्थित मैदान पर किसान पंचायत में पहुंचेंगी।
अपराह्न 04 बजे - सहारनपुर में चकाराता मार्ग पर पूर्व केंद्रीय मंत्री मरहूम रशीद मसूद के आवास पर पहुंचेंगी।
अपराह्न 04:30 पर- न्यू शारदानगर में शहीद निशांत शर्मा के आवास पर पहुंचेंगी।
सायं 05:00 बजे - वाया कार देहरादून के लिए रवाना हो जाएंगी।
भीड़ जुटाने को एड़ी चोटी का जोर लगा रहे नेता
किसान पंचायत को सफल बनाने के लिए कांग्रेस के सभी नेता प्रचार में जुटे हैं। विधायक नरेश सैनी, मसूद अख्तर, जिलाध्यक्ष मुजफ्फर अली, पूर्व चेयरमैन प्रतिनिधि जायर हुसैन चांद सहित सभी छोटे बड़े नेता क्षेत्र में दो दिन से प्रचार में लगे हैं। पंचायत में भीड़ जुटाने के लिए सभी की प्रतिष्ठा दांव पर लगी है।
प्रियंका गांधी की किसान महापंचायत को लेकर पुलिस चौकस
कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी की किसान महापंचायत को लेकर पुलिस-प्रशासन अलर्ट हो गया है। किसानों के आंदोलन को देखकर सुरक्षा के लिए आसपास के जिलों से भी फोर्स मंगवाया है। कांग्रेस की चिलकाना में महापंचायत है। इसे देखकर पुलिस ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। एसपी सिटी विनीत भटनागर ने बताया कि पड़ोसी जनपद मुजफ्फरनगर और शामली से भी फोर्स आएगी।


Next Story