भारत

प्रियंका गांधी को 4 लोगों के साथ आगरा जाने की अनुमति, पुलिस ने लिया था हिरासत में

jantaserishta.com
20 Oct 2021 5:59 PM IST
प्रियंका गांधी को 4 लोगों के साथ आगरा जाने की अनुमति, पुलिस ने लिया था हिरासत में
x

लखनऊ: कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाड्रा (Priyanka Gandhi vadra) को आज बुधवार को लखनऊ पुलिस ने उस समय हिरासत में ले लिया, जब वह एक मृतक के परिवार के सदस्यों से मिलने के लिए आगरा जा रही थीं, जिनकी कथित तौर पर पुलिस हिरासत में मौत हो गई थी. प्रियंका को पिछले 17 दिनों में दूसरी बार पुलिस हिरासत में लिया गया है.

लखनऊ पुलिस ने कहा कि कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी को हिरासत में लिया गया क्योंकि सीआरपीसी की धारा 144 लागू थी. प्रियंका गांधी वाड्रा को पुलिस ने लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर रोक दिया क्योंकि आगरा के जिलाधिकारी ने एक शख्स की मौत के बाद किसी भी राजनीतिक व्यक्ति को वहां नहीं जाने देने का निर्देश दिया है. प्रियंका को हिरासत में लिए जाने के बाद लखनऊ-आगरा एक्सप्रेस वे पर भारी हंगामा मचा.
हालांकि कुछ समय तक हिरासत में रखे जाने के बाद प्रियंका गांधी वाड्रा को आगरा जाने की अनुमति दे दी गई. अनुमति मिलने के बाद वह आगरा के लिए रवाना हो गई हैं. चार लोगों को अनुमति मिली है. प्रियंका गांधी प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू, आचार्य प्रमोद कृष्णम और एमएलसी दीपक सिंह के साथ आगरा के लिए रवाना हो गई हैं. हालांकि कार्यकर्ताओं की भीड़ भी पीछे-पीछे रवाना हुई है.
कांग्रेस महासचिव प्रियंका को पिछले 17 दिनों में दूसरी बार पुलिस हिरासत में लिया गया है. इससे पहले वह लखीमपुर खीरी में हुई हिंसा मामले में मृतकों के परिजनों से मिलने जाने के दौरान हिरासत में लिया गया था.
एएनआई ने प्रियंका गांधी के हवाले से कहा, 'वे कहते हैं कि मैं आगरा नहीं जा सकती. मैं जहां भी जाती हूं वे मुझे रोकते हैं. क्या मुझे रेस्तरां में बैठना चाहिए? सिर्फ इसलिए कि यह उनके लिए राजनीतिक रूप से सुविधाजनक है? मैं उनसे मिलना चाहती हूं, कौन सी बड़ी बात है?'
उन्होंने कहा, 'कोई मर गया है. यह कानून-व्यवस्था का मुद्दा कैसे हो सकता है? डीएम को बुलाकर पूछना चाहिए. क्या यह बहुत अधिक नहीं है कि मैं कहीं बाहर नहीं जा सकती और लखनऊ के एक गेस्ट हाउस में कैद रहूं.'
समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, आगरा के जगदीशपुरा थाने से 25 लाख रुपये की चोरी के आरोपी अरुण वाल्मीकि की पूछताछ के दौरान कथित तौर पर पुलिस हिरासत में मौत हो गई.
आगरा के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) मुनिराज ने बताया कि मंगलवार की रात आरोपी अरुण अचानक उस समय बीमार पड़ गया, जब चोरी के पैसे की बरामदगी के लिए उसके घर पर छापेमारी की जा रही थी. पीटीआई ने उनके हवाले से कहा, 'उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.'
पुलिस के अनुसार, अरुण थाने के "मालखाना" (एक भंडारण घर जहां पुलिस द्वारा जब्त किया गया सामान रखा जाता है) में क्लीनर का काम करता था. उसने शनिवार की रात कथित तौर पर पैसे चुरा लिए थे. फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर पांच पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया है.
आगरा में पुलिस हिरासत में हुई कथित मौत मामले में एसएसपी आगरा ने 5 पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की है. एसएसपी ने एक इंस्पेक्टर, एक सब इंस्पेक्टर और तीन सिपाही को सस्पेंड कर दिया है.
एसएसपी ने कहा कि घटना में मुकदमा दर्ज और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद दोषी पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई होगी.


jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story