भारत

राम जन्मभूमि ट्रस्ट विवाद पर बोलीं प्रियंका गांधी तो फिल्ममेकर ने पूछा सवाल

Apurva Srivastav
14 Jun 2021 6:02 PM GMT
राम जन्मभूमि ट्रस्ट विवाद पर बोलीं प्रियंका गांधी तो फिल्ममेकर ने पूछा सवाल
x
अयोध्या में राम मंदिर के पास की एक ज़मीन खरीद मामले में राम जन्मभूमि ट्रस्ट पर करोड़ों के गबन के आरोप लगे हैं।

अयोध्या में राम मंदिर के पास की एक ज़मीन खरीद मामले में राम जन्मभूमि ट्रस्ट पर करोड़ों के गबन के आरोप लगे हैं। समाजवादी पार्टी नेता पवन पांडेय और आप नेता संजय सिंह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर आरोप लगाया है कि दो करोड़ की जमीन को राम जन्मभूमि ट्रस्ट ने 10 मिनट के अंदर ही 18.5 करोड़ में खरीद लिया। इस मुद्दे पर तमाम लोगों की प्रतिक्रिया सामने आ रही है। कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी ने भी इस पर अपनी प्रतिक्रिया दी जिसके बाद बॉलीवुड फिल्ममेकर अशोक पंडित ने उन पर निशाना साधते हुए उनसे पूछा कि उन्हें भगवान से क्या लेना देना है।

दरअसल कथित घोटाले की बात सामने आने पर प्रियंका गांधी ने ट्वीट किया था, 'करोड़ों लोगों ने आस्था और भक्ति के चलते भगवान के चरणों में चढ़ावा चढ़ाया। उस चंदे का दुरुपयोग अधर्म है, पाप है, उनकी आस्था का अपमान है।'
प्रियंका गांधी के इस ट्वीट को रीट्वीट करते हुए अशोक पंडित ने टिप्पणी की, 'भगवान से आपका क्या लेना देना?' उनकी इस टिप्पणी पर ट्विटर यूजर्स की ढेरों प्रतिक्रिया सामने आई है। विजय पाल सिंह नाम के एक यूजर ने लिखा, 'नाम में ही पंडित है या असली में भी पंडित हो? भगवान नाम की लूट मची है आप भी शामिल हो क्या इसमें? कम से कम जो धोखाधड़ी हुई है, उस पर तो मुंह खोलो।'
मयंक सक्सेना लिखते हैं, 'असलियत में, भगवान से तुम्हारा कोई लेना देना है क्या? तुमने तो मोदीजी को ही भगवान मान लिया है।' यादवेंद्र नाम के एक यूजर ने लिखा, 'भ्रष्टाचार के साथ क्यों खड़े हैं? आरोप लगे हैं तो सीबीआई जांच से क्यों भाग रहे हो? क्या सीबीआई पर भरोसा नहीं है?'
इधर बॉलीवुड एक्टर गजेंद्र चौहान ने भी राम मंदिर जमीन विवाद पर टिप्प्णी की है। उन्होंने गबन के आरोपों को खारिज करते हुए ट्वीट किया, 'मंदिर हमारा, दान हमने किया, पूजा हम करेंगे।'
एक और ट्वीट में गजेंद्र चौहान लिखते हैं, 'राम मंदिर निर्माण में बाधा डालने वाले असुर और दैत्य, अवश्य किसी के रिमोट कंट्रोल में काम कर रहे हैं। दैत्य और असुरों के सर्वनाश के लिए एक ही नाम बहुत है- 'जय श्री राम।'


Next Story