
उत्तर प्रदेश के आगामी विधानसभा चुनाव 2022 को लेकर कांग्रेस की महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा (Congress General Secretary Priyanka Gandhi) पार्टी की सतह मजबूत करने में लगी हैं. शनिवार को यूपी के महोबा की प्रतिज्ञा रैली में प्रियंका वाड्रा ने मुस्कराते हुए विपक्षियों पर तंज कसे. इस बीच बांदा जिले निवासी अमन त्रिपाठी (Aman Tripathi) की नृशंस हत्या पर न्याय की मांग करते हुए योगी सरकार पर हमला बोला. प्रियंका गांधी ने ट्वीट करते हुए लिखा कि 14 साल के अमन त्रिपाठी की बर्बर तरीके से हत्या की गई. अमन की मां एक महीने से न्याय मांग रही है, लेकिन अपराधियों को राजनीतिक संरक्षण दिया जा रहा है. उन्हें न्याय का हक है.
उन्होंने कहा कि मृतक का परिवार कई वर्षों से भाजपा से जुड़ा है. परिवार की मांग के अनुसार मामले की CBI जांच होनी चाहिए. प्रियंका ने मृतक के परिवार से मुलाकात की. उसकी मां मधु त्रिपाठी को सीने से लगाकर न्याय की लड़ाई में साथ देने का पूरा भरोसा दिलाया. इस दौरान मृतक अमन त्रिपाठी की मां मधु की आंखों में आंसू छलक उठे.





