भारत

सहारनपुर में प्रियंका गांधी, मंदिर में किए दर्शन, दरगाह में टेका माथा

Admin2
10 Feb 2021 2:08 PM GMT
सहारनपुर में प्रियंका गांधी, मंदिर में किए दर्शन, दरगाह में टेका माथा
x

कृषि कानून के मसले पर जारी किसानों के संघर्ष में अब कांग्रेस की प्रियंका गांधी वाड्रा भी शामिल हो गई हैं. बुधवार को उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में किसान महापंचायत का आयोजन हो रहा है. यहां प्रियंका गांधी वाड्रा भी हिस्सा ले रही हैं. किसान महापंचायत में पहुंचने से पहले प्रियंका गांधी ने यहां के मशहूर शाकुंभरी देवी मंदिर में दर्शन किए. प्रियंका गांधी ने मंदिर में कुछ वक्त भी बिताया. प्रियंका गांधी ने सहारनपुर की रायपुर खानगाह दरगाह में भी माथा टेका.

सहारनपुर में किसानों की महापंचायत में प्रियंका गांधी ने कहा कि 56 इंच के सीने में छोटा सा दिल है, लेकिन वो उद्योगपतियों के लिए धड़कता है. इस कानून के जरिेए सरकार किसानों को मारना चाहती है. किसान अपने हक की लड़ाई लड़ रहा है. मोदी सरकार पर निशाना साधते हुए प्रियंका गांधी ने कहा कि 16000 करोड़ के 2 हवाई जहाज ले लिए और 20000 करोड़ संसद के सुंदरीकरण में खर्च कर दिया लेकिन किसानों का बकाया 15000 करोड़ आज तक नहीं दिया. जाग जाइए, जिनसे आप उम्मीद रख रहे हैं ये आपके लिए कुछ नहीं करेगें. ये बड़े-बड़े वादे करते है, लेकिन उनके शब्द खोखले हैं.

प्रियंका ने कहा कि प्रधानमंत्री ने संसद में किसानों का अपमान किया, उनको आंदोलनजीवी भी कहा. इसका क्या मतलब है? किसान आंदोलन कर रहे हैं अपने देश की मिट्टी के लिए, अपने बेटे के लिए जो सीमा पर खड़ा है. उसको देशद्रोही कहने वाला, उसका मजाक उड़ाने वाला, उसको आतंकवादी कहने वाला देश भक्त कभी नहीं हो सकता.

प्रियंका गांधी ने कहा कि प्रधानमंत्री अमेरिका, चीन, पाकिस्तान गए, लेकिन जिस शहर में रहते हैं उसके बॉर्डर पर नहीं पहुंच पाए. अपने संबोधन में प्रियंका ने कहा कि ये आपकी जमीन का आंदोलन है, आप पीछे मत हटिए. हम खड़े हैं, जब तक ये बिल वापस नहीं होते तब तक डटे रहिए. जब कांग्रेस की सरकार आएगी ये सभी बिल वापस होंगे और आपको समर्थन मूल्य का पूरा दाम मिलेगा. हम आपको धर्म और जाति के नाम पर तोड़ेंगे नहीं, आपका बंटवारा नहीं करेगें, हम आपको जोड़ेंगे.

Next Story