
x
जनगणना कर्मियों के हाथ-पैर टूटे
सुल्तानपुर। उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर में शनिवार को एक निजी स्कूल में बड़ा हादसा हो गया। नगर के चुनहा स्थित जीडी गोयनका स्कूल की लिफ्ट अचानक टूट गई। हादसे के समय लिफ्ट में छह से अधिक लोग सवार थे, जो जनगणना प्रशिक्षण शिविर में शामिल होने आए सरकारी कर्मचारी थे। इस दुर्घटना में कई कर्मचारी घायल हो गए। घटना के बाद स्कूल परिसर में अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के मुताबिक, जीडी गोयनका स्कूल में जनगणना के द्वितीय चरण को लेकर सरकारी कर्मचारियों का प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया गया था। शनिवार को प्रशिक्षण समाप्त होने के बाद कर्मचारी नीचे उतरने के लिए लिफ्ट में सवार हुए। इसी दौरान अचानक लिफ्ट टूट गई और उसमें मौजूद लोग घायल हो गए।
हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने लिफ्ट में फंसे कर्मचारियों को बाहर निकालने का प्रयास किया। काफी मशक्कत के बाद सभी को बाहर निकाला गया। इसके बाद घायलों को आनन-फानन में जिला अस्पताल और निजी अस्पतालों में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है। एसडीएम सदर गरिमा सौनकिया के मुताबिक, लिफ्ट में निर्धारित क्षमता से अधिक लोगों के सवार होने के कारण हादसा होने की आशंका है। छह से अधिक लोग घायल हुए हैं। सभी को चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है और प्रशासन पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है।
पहले भी हो चुका है हादसा
बताया जा रहा है कि इसी स्कूल में कुछ दिन पहले निर्माण कार्य के दौरान सटरिंग की छत गिरने की घटना भी हुई थी। उस हादसे में भी कई लोग घायल हुए थे। अब लिफ्ट टूटने की घटना के बाद स्कूल की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं। जिलाधिकारी ने मामले की जांच के आदेश दिए हैं। जांच के बाद हादसे की वास्तविक वजह और जिम्मेदारी तय की जाएगी।
Next Story





