भारत
बिहार दिवस पर प्रधानमंत्री मोदी ने दी शुभकामनाएं, कहा- प्रगति के नए अध्याय गढ़ रहा प्रदेश
jantaserishta.com
22 March 2026 8:40 AM IST

x
नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बिहार दिवस पर राज्य के लोगों को शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने प्रशंसा करते हुए कहा कि भारतीय विरासत को भव्यता और दिव्यता प्रदान करने वाला बिहार आज प्रगति के नित-नए अध्याय गढ़ने में जुटा है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट किया, "बिहार दिवस के अवसर पर राज्य के अपने सभी परिवारजनों को अनेकानेक शुभकामनाएं। भारतीय विरासत को भव्यता और दिव्यता प्रदान करने वाला हमारा यह प्रदेश आज प्रगति के नित-नए अध्याय गढ़ने में जुटा है। मुझे विश्वास है कि विकसित बिहार के साथ विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में यहां के कर्मठ और ऊर्जावान लोगों का समर्पण और सामर्थ्य बहुत काम आएगा।"
बिहार दिवस पर राज्य के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने भी बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने 'एक्स' पोस्ट में कहा, "बिहार दिवस के अवसर पर हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं। बिहार का इतिहास गौरवशाली रहा है और हम वर्तमान में अपने निश्चय से बिहार का गौरवशाली भविष्य तैयार कर रहे हैं। समृद्ध बिहार के संकल्प को पूरा करने हेतु मैं आप सभी का आह्वान करता हूं। हम सब मिलकर बिहार के गौरव को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाएंगे।"
इससे पहले, बिहार के सभी बहनों-भाइयों को बिहार दिवस की शुभकामनाएं देते हुए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने पोस्ट किया, "समृद्ध संस्कृति, परंपराओं व अनूठी कलाओं के लिए प्रसिद्ध बिहार ने सदैव देश को सामाजिक न्याय व बौद्धिक चेतना का मार्ग दिखाया है। नालंदा और विक्रमशिला की गौरवशाली ज्ञान परंपरा से लेकर स्वतंत्रता संग्राम और आपातकाल तक, बिहार ने हर दौर में भारत निर्माण में अमूल्य योगदान दिया है। आज बिहार अपनी विशाल धरोहरों और परंपराओं को सहेजकर प्रगति व उन्नति का नया कीर्तिमान बना रहा है।"
लोकसभा के स्पीकर ओम बिरला ने 'एक्स' पर पोस्ट में लिखा, "वीरता, विद्या और विरासत की गौरवशाली धरती बिहार ने सदियों से देश को दिशा दी है। यह पुण्यभूमि अपनी समृद्ध संस्कृति, प्रतिभा और संघर्षशीलता के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रही है। कामना है कि बिहार निरंतर विकास और समृद्धि के नए कीर्तिमान स्थापित करता रहे तथा यहाँ के प्रतिभाशाली नागरिक राष्ट्र निर्माण में अपना अमूल्य योगदान देते रहें।"
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने लिखा, "प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के अनुभवी नेतृत्व में एनडीए सरकार बिहार के प्रत्येक नागरिक के उत्थान और सर्वांगीण विकास के लिए पूर्ण प्रतिबद्धता और समर्पित भाव के साथ निरंतर कार्य कर रही है। ज्ञान, शौर्य और महान सांस्कृतिक विरासत से परिपूर्ण बिहार ने सदैव राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। बिहार निरंतर प्रगति के मार्ग पर अग्रसर रहे और सभी के जीवन में सुख, समृद्धि एवं खुशहाली बनी रहे, यही मंगलकामना है।"
jantaserishta.com
भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।
Next Story





