भारत

पीएम मोदी समेत वरिष्ठ नेताओं ने शिवराज पाटिल के निधन पर जताया दुख

jantaserishta.com
12 Dec 2025 10:37 AM IST
पीएम मोदी समेत वरिष्ठ नेताओं ने शिवराज पाटिल के निधन पर जताया दुख
x
नई दिल्ली: कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय गृह मंत्री शिवराज पाटिल का शुक्रवार को लातूर में निधन हो गया। वे 91 साल के थे और उन्होंने सुबह करीब 6:30 बजे अपने घर “देववर” में आखिरी सांस ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह सहित भाजपा नेताओं ने निधन पर दुख जताया है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट कर लिखा, "शिवराज पाटिल के निधन से दुखी हूं। वह एक अनुभवी नेता थे, जिन्होंने अपने लंबे सार्वजनिक जीवन में विधायक, सांसद, केंद्रीय मंत्री, महाराष्ट्र विधानसभा के स्पीकर और लोकसभा के स्पीकर के रूप में कार्य किया। उनकी भावनाएं हमेशा समाजिक कल्याण में योगदान देने की रही। पिछले कुछ सालों में मेरी उनसे कई बार बातचीत हुई। पिछली मुलाकात तब हुई थी, जब वे हाल ही में कुछ महीने पहले मेरे आवास पर आए थे। इस दुख की घड़ी में मेरी संवेदनाएं उनके परिवार के साथ हैं। ओम शांति।"
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने लिखा, "पूर्व केंद्रीय मंत्री शिवराज पाटिल के निधन से दुखी हूं। कई दशकों के करियर में पाटिल अपनी गहरी समझ और समर्पित सेवा के लिए जाने जाते थे। उनके परिवार के सदस्यों और शुभचिंतकों के प्रति हार्दिक संवेदना।"
रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट कर लिखा, "पूर्व केंद्रीय मंत्री शिवराज पाटिल के निधन से दुखी हूं। वे एक अनुभवी नेता थे, जिन्होंने देश की विभिन्न पदों पर सेवा की और भारत की प्रगति में प्रभावी योगदान दिया। इस दुख की घड़ी में मेरी संवेदनाएं उनके परिवार और शुभचिंतकों के साथ हैं। ओम शांति।"
आंध्र प्रदेश भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पीवीएन माधव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट कर लिखा, "पूर्व केंद्रीय गृह मंत्री, पूर्व लोकसभा अध्यक्ष और पूर्व राज्यपाल शिवराज पाटिल के निधन से मुझे गहरा दुख हुआ है। देश ने एक प्रतिष्ठित सांसद, एक गरिमापूर्ण राजनेता और एक ऐसे प्रशासक को खो दिया है जिन्होंने सार्वजनिक जीवन के उच्चतम मानकों को बनाए रखा।"
उन्होंने आगे लिखा कि शिवराज पाटिल की देश के प्रति दशकों लंबी सेवा, जो गरिमा, अनुशासन और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति प्रतिबद्धता से चिह्नित थी, इन्हें राजनीतिक सीमाओं से परे बहुत सम्मान के साथ याद किया जाएगा। भगवान सत्य साईं बाबा के प्रति उनकी गहरी भक्ति और पुट्टपर्थी से उनका जुड़ाव यादगार रहेगा। दुख की इस घड़ी में, मैं अर्चना शैलेश पाटिल गारू और शोक संतप्त परिवार के सदस्यों के प्रति अपनी हार्दिक संवेदनाएं व्यक्त करता हूं। ईश्वर उन्हें इस अपूरणीय क्षति को सहने की शक्ति और साहस दे। मैं दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करता हूं।"
महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजीत पवार ने दुख व्यक्त किया है कि कांग्रेस के वरिष्ठ नेता, लोकसभा के पूर्व स्पीकर और देश के पूर्व गृह मंत्री के निधन से हमने देश की राजनीति में एक सभ्य, सुसंस्कृत और विद्वान व्यक्तित्व खो दिया है। शिवराज पाटिल चाकुरकर ने जनसेवा का एक नया आदर्श बनाया था। वे सादगी और नैतिक मूल्यों के प्रतीक थे। अपने लंबे राजनीतिक करियर के दौरान, लोकसभा स्पीकर, केंद्रीय मंत्री, महाराष्ट्र विधानसभा के स्पीकर और पंजाब के राज्यपाल जैसे विभिन्न पदों पर रहते हुए, उन्होंने हमेशा राजनीति में नैतिकता बनाए रखी।
उन्होंने आगे कहा कि लोकसभा स्पीकर के रूप में कार्य करते हुए, उन्होंने लोकसभा के आधुनिकीकरण, कंप्यूटरीकरण, संसद की कार्यवाही का सीधा प्रसारण और एक नई लाइब्रेरी बिल्डिंग जैसी पहलों को गति दी। उनके कार्यकाल के दौरान उत्कृष्ट सांसद पुरस्कार शुरू किया गया था। उन्हें भारतीय संविधान का गहरा ज्ञान था। लोकतंत्र को मजबूत करने में उनके योगदान को हमेशा याद रखा जाएगा।
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story