भारत

राष्ट्रपति आज ओडिशा दौरे पर, सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए

Nilmani Pal
10 Nov 2022 12:58 AM GMT
राष्ट्रपति आज ओडिशा दौरे पर, सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए
x

ओडिशा। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की दो दिवसीय ओडिशा यात्रा के मद्देनजर ओडिशा की पुलिस ने राजधानी भुवनेश्वर और पुरी में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की है। भारत के राष्ट्रपति पद संभालने के बाद पहली बार मुर्मू 10 और 11 नवंबर को ओडिशा के दौरे पर रहेंगीं। राष्ट्रपति के दौरे को लेकर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। बुधवार को पुरी और भुवनेश्वर में सुरक्षा काफिले की आवाजाही का मॉक ड्रिल किया गया।

पुरी एसपी के.वी. सिंह ने कहा- तीर्थ नगरी में राष्ट्रपति की सुरक्षा व्यवस्था के लिए 25 से अधिक प्लाटून पुलिस बल तैनात किया जाएगा। राष्ट्रपति के दौरे के लिए विभिन्न स्थानों पर करीब 100 पुलिस अधिकारियों को तैनात किया जाएगा। सिंह ने कहा, हमने यातायात व्यवस्था इस तरह से की है कि यातायात की आवाजाही बहुत कम समय के लिए डायवर्ट की जाएगी। जगन्नाथ मंदिर प्रशासक (विकास) अजय जेना ने कहा कि राष्ट्रपति पहले पुरी में उत्कलमणि गोपाबंधु की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित करेंगीं और फिर मंदिर के दर्शन करेंगीं।

उन्होंने कहा कि मुख्य मंदिर के दर्शन करने के बाद वह मां बिमला और महालक्ष्मी मंदिरों में भी जाएंगी। भुवनेश्वर के डीसीपी प्रतीक सिंह ने कहा कि 300 पुलिस अधिकारियों के साथ पुलिस बल की लगभग 34 प्लाटून राष्ट्रपति की सुरक्षा में तैनात होंगे।

बीजू पटनायक अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंचने के बाद मुर्मू को गार्ड ऑफ ऑनर दिया जाएगा और फिर वह सीधे पुरी जाएंगीं, जहां वह जगन्नाथ मंदिर जाएंगी। दोपहर करीब 12 बजे राष्ट्रपति के हेलीपैड पहुंचने और श्री जगन्नाथ मंदिर जाने की उम्मीद है। मंदिर में भगवान जगन्नाथ और अन्य देवताओं के दर्शन करने के बाद, वह पुरी राजभवन जाएंगी, जहां उन्हें महाप्रसाद परोसा जाएगा।

अधिकारियों ने बताया कि राष्ट्रपति की यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं के मंदिर में प्रवेश पर प्रतिबंध रहेगा। वह दोपहर में भुवनेश्वर लौटेंगी और यहां के प्रतिष्ठित व्यक्तियों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण करेंगी। इसके बाद वह शाम को राजभवन में एक नागरिक स्वागत समारोह में शामिल होंगी।

दूसरे दिन (11 नवंबर) को वह खंडगिरी स्थित तपोबन हाई स्कूल, यूनिट-2 शासकीय बालिका उच्च विद्यालय और कुंतला कुमारी सबत आदिवासी छात्रावास का दौरा करेंगी। राष्ट्रपति 11 नवंबर को दिल्ली वापस उड़ान भरने से पहले जयदेव भवन में इंजीनियरिंग के लिए एक ओडिया पाठ्यपुस्तक और एक पोर्टल (ई-कुंभ) का भी उद्घाटन करने वाली हैं।

Next Story