भारत

दिल्ली में राष्ट्रपति मुर्मु ने 'पीबीजी सोल्जरथॉन' को दिखाई हरी झंडी, मांडविया ने एनसीसी साइक्लोथॉन में लिया हिस्सा

jantaserishta.com
2 Aug 2026 8:11 AM IST
दिल्ली में राष्ट्रपति मुर्मु ने पीबीजी सोल्जरथॉन को दिखाई हरी झंडी, मांडविया ने एनसीसी साइक्लोथॉन में लिया हिस्सा
x
नई दिल्ली: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने राष्ट्रपति भवन के प्रांगण में आयोजित एक समारोह में पीबीजी सोल्जरथॉन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान मिजोरम के राज्यपाल जनरल वीके सिंह भी मौजूद रहे, जो इस पहल के संरक्षक हैं।
'सैनिकों के साथ दौड़ें-सैनिकों के लिए दौड़ें' थीम पर आयोजित इस कार्यक्रम का मकसद फिटनेस और देशभक्ति को बढ़ावा देने के साथ-साथ भारत के सशस्त्र बलों के साहस, बलिदान और सेवा का सम्मान करना था। इस सोल्जरथॉन में सैनिकों और आम नागरिकों ने हिस्सा लिया। उन्होंने सशस्त्र बलों के साथ एकजुटता दिखाते हुए एक साथ दौड़ लगाई। राष्ट्रीय ध्वज और कार्यक्रम के बैनर लिए हुए प्रतिभागियों ने देश के सैनिकों के प्रति एकता और आभार की भावना को प्रदर्शित किया।
राष्ट्रपति ने कहा, "'सैनिकों के लिए दौड़ें, सैनिकों के साथ दौड़ें' के विजन से प्रेरित 'सोल्जरथॉन' आम नागरिकों और सशस्त्र बलों के बीच संबंधों को मजबूत करने का एक अनूठा मंच है। 'असली नायकों (सशस्त्र बलों) का समर्थन' थीम पर आधारित यह आयोजन हमारे सैनिकों के समर्पण, साहस और बलिदान को सम्मान देता है और साथ ही नागरिकों को सक्रिय भागीदारी के जरिए उनके प्रति एकजुटता दिखाने के लिए प्रोत्साहित करता है।"
वहीं, केंद्रीय युवा मामले और खेल मंत्री मनसुख मांडविया और रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने भारत की आजादी के 79 साल पूरे होने के उपलक्ष्य में मेजर ध्यानचंद नेशनल स्टेडियम में एनसीसी साइक्लोथॉन 2026 को हरी झंडी दिखाई। इसमें बॉक्सर और ओलंपिक मेडलिस्ट मैरी कॉम ने भी हिस्सा लिया।
मनसुख मांडविया ने कहा, "आज का दिन खास है। भारत की आजादी के 79 साल पूरे होने के जश्न के तहत 79 एनसीसी कैडेट इस साइक्लोथॉन में हिस्सा ले रहे हैं। एनसीसी फिटनेस, अनुशासन और समाज सेवा का प्रतीक है। ये कैडेट देश का भविष्य और हमारी उम्मीद हैं। इस साइक्लोथॉन के जरिए आप यह संदेश दे रहे हैं कि युवा एक विकसित भारत बनाने में अपनी भूमिका निभाएंगे।"
एनसीसी साइक्लोथॉन 2026 के मौके पर बॉक्सर और ओलंपिक मेडलिस्ट मैरी कॉम ने कहा, "एनसीसी साइक्लोथॉन 2026 दिल्ली में आयोजित हुआ। मैं युवाओं से कहना चाहती हूं कि जिंदगी में बहुत कुछ हासिल करना जरूरी है। एनसीसी की यूनिफॉर्म सिर्फ एक कपड़ा नहीं है, बल्कि यह देश के प्रति जिम्मेदारी निभाने का संकल्प होता है। यही बच्चों को सिखाना जरूरी है।" उधर, दिल्ली के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम से 'नशा मुक्त भारत' थीम पर आधारित 'फिट इंडिया संडेज ऑन साइकिल' का 84वां संस्करण शुरू किया गया।
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story