
x
राष्ट्रपति ने स्वीकार किया बस्तर आने का निमंत्रण
जगदलपुर। छत्तीसगढ़ के बस्तर में आयोजित होने वाले ऐतिहासिक बस्तर दशहरा में इस बार राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु शामिल होंगी। राष्ट्रपति 22 और 23 अक्टूबर को छत्तीसगढ़ दौरे पर रहेंगी। इस दौरान 23 अक्टूबर को वह जगदलपुर पहुंचेंगी और बस्तर दशहरा की महत्वपूर्ण परंपरा ‘मुरिया दरबार’ में हिस्सा लेंगी। इसके बाद लालबाग मैदान में आयोजित विशाल जनसभा को संबोधित करेंगी। राष्ट्रपति के प्रस्तावित आगमन को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। सुरक्षा व्यवस्था से लेकर यातायात प्रबंधन और जनसभा स्थल पर आवश्यक सुविधाओं की समीक्षा की जा रही है।
राष्ट्रपति ने स्वीकार किया बस्तर आने का निमंत्रण
बस्तर के सांसद और दशहरा समिति के अध्यक्ष महेश कश्यप ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु को बस्तर दशहरा में शामिल होने का औपचारिक निमंत्रण दिया था। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने शुक्रवार को बताया कि राष्ट्रपति ने बस्तर आने का निमंत्रण स्वीकार कर लिया है। इससे पहले मांझी-चालकी समुदाय के प्रतिनिधियों ने भी राष्ट्रपति से बस्तर आने का आग्रह किया था। मुख्यमंत्री ने राष्ट्रपति के आगमन को प्रदेश के लिए गर्व और खुशी का अवसर बताया।
ऐतिहासिक मुरिया दरबार में होंगी शामिल
राष्ट्रपति 23 अक्टूबर को जगदलपुर में आयोजित मुरिया दरबार में भाग लेंगी। इस दौरान वह बस्तर के पारंपरिक आदिवासी प्रतिनिधियों और मांझी-चालकी समुदाय के सदस्यों से विशेष बातचीत करेंगी। मुरिया दरबार बस्तर दशहरा की प्रमुख ऐतिहासिक परंपराओं में शामिल है। बस्तर रियासत के समय दशहरा संपन्न होने के बाद राजा दरबार लगाकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनते थे। विभिन्न गांवों के मांझी और मुखिया अपने क्षेत्रों की मांगें और समस्याएं सामने रखते थे।
आज भी कायम है सदियों पुरानी परंपरा
राजशाही समाप्त होने के बाद मुरिया दरबार का स्वरूप बदल गया, लेकिन इसकी परंपरा आज भी जारी है। वर्तमान में प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और पारंपरिक समुदायों की मौजूदगी में क्षेत्रीय समस्याओं तथा मांगों पर चर्चा होती है। इस आयोजन में पूर्व राजपरिवार के सदस्य भी शामिल होते हैं।
कलेक्टर और एसपी ने तैयारियों का लिया जायजा
राष्ट्रपति के दौरे को लेकर कलेक्टर आकाश छिकारा और पुलिस अधीक्षक शलभ सिन्हा ने अधिकारियों की बैठक लेकर तैयारियों की समीक्षा की।इसके बाद दोनों अधिकारियों ने लालबाग मैदान का निरीक्षण किया। इस दौरान मंच निर्माण, सुरक्षा व्यवस्था, प्रवेश और निकास मार्ग, पेयजल, चिकित्सा सुविधाओं तथा पार्किंग व्यवस्था का जायजा लिया गया। प्रशासन ने संबंधित विभागों को सभी आवश्यक इंतजाम समय पर पूरे करने के निर्देश दिए हैं। राष्ट्रपति की जनसभा में बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना जताई गई है।
Next Story





