भारत

राफेल विमान में आज राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू भरेंगी उड़ान

Nilmani Pal
29 Oct 2025 7:45 AM IST
राफेल विमान में आज राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू भरेंगी उड़ान
x
ब्रेकिंग

अंबाला। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू बुधवार (29 अक्टूबर) को पहली बार अंबाला एयरफोर्स स्टेशन का दौरा करेंगी। यहां से वह लड़ाकू विमान राफेल में उड़ान भरेंगी। इस कार्यक्रम को लेकर वायुसेना और स्थानीय प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। एयरफोर्स स्टेशन के आसपास के इलाके को नो ड्रोन जोन घोषित किया गया है। सुरक्षा व्यवस्था व अन्य इंतजामों को लेकर मंगलवार को रिहर्सल की गई।

आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, राष्ट्रपति मुर्मू बुधवार सुबह लगभग 8 बजे दिल्ली से अपने विशेष विमान से अंबाला के लिए रवाना होंगी। करीब एक घंटे की उड़ान के बाद उनका विमान अंबाला एयरफोर्स स्टेशन पर उतरेगा। यहां उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया जाएगा। इसके बाद वह अधिकारियों से औपचारिक रूप से मुलाकात करेंगी और एयरफोर्स स्टेशन की विभिन्न यूनिट्स का निरीक्षण भी करेंगी।

अंबाला एयरफोर्स स्टेशन को देश की राफेल स्क्वॉड्रन का मुख्य बेस होने का गौरव प्राप्त है। ऐसे में राष्ट्रपति का यह दौरा और भी महत्वपूर्ण हो जाता है। सूत्रों के अनुसार, राष्ट्रपति राफेल विमान की तकनीक, परिचालन प्रणाली और सुरक्षा रणनीति से जुड़ी जानकारी अधिकारियों से लेंगी। साथ ही राफेल विमान के जरिए अंबाला एयरोस्पेस का एक चक्कर भी लगाएंगी।

कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू भारतीय वायुसेना के अधिकारियों और जवानों को संबोधित करेंगी। उनके भाषण में रक्षा क्षमताओं, महिला सशक्तीकरण और देश की सुरक्षा नीति से जुड़े मुद्दों पर बात हो सकती है। राष्ट्रपति ने अपने कार्यकाल में रक्षा बलों से जुड़ी हर गतिविधि में विशेष रुचि दिखाई है, और यह दौरा भी उसी दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है।

Next Story
null