राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप थे अंदर, व्हाइट हाउस के पास हुई गोलीबारी

अमेरिका। राजधानी वॉशिंगटन डीसी में प्रेसिडेंशियल कॉम्प्लेक्स 'व्हाइट हाउस' के पास रविवार को गोलीबारी की घटना सामने आई. घटना के समय अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप व्हाइट हाउस में ही मौजूद थे. न्यूज एजेंसी रॉयटर्स के मुताबिक, व्हाइट हाउस के पास गोलीबारी करने वाला संदिग्ध हमलावर यूनाइटेड स्टेट्स सीक्रेट सर्विस के जवानों की जवाबी कार्रवाई में घायल हो गया और उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई. सीबीएस न्यूज की रिपोर्ट के मुताबिक एक और व्यक्ति के घायल होने की सूचना है.
मौके पर मौजूद एक रिपोर्टर के मुताबिक, व्हाइट हाउस परिसर के बाहर करीब 25 गोलियां चलने की आवाज सुनी गई. अधिकारियों ने कहा कि स्थिति अब नियंत्रण में है और गोलीबारी की घटना किसी भी सुरक्षाकर्मी के घायल होने की सूचना नहीं है. फेडरल ब्यूरो ऑफ इन्वेस्टिगेशन (FBI) के डायरेक्टर काश पटेल ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में घटना की पुष्टि की. उन्होंने कहा कि एफबीआई की टीम घटनास्थल पर मौजूद है और सीक्रेट सर्विस की मदद कर रही है. काश पटेल ने कहा कि जांच जारी है और जैसे-जैसे जानकारी मिलेगी, जनता को अपडेट दिया जाएगा.
गोलीबारी की घटना के बाद यूनाइटेड स्टेट्स सीक्रेट सर्विस की स्नाइपर टीमें व्हाइट हाउस की छत पर तैनात दिखाई दीं. सुरक्षा एजेंसियों के मुताबिक किसी भी सुरक्षा खतरे की स्थिति में यह एक स्टैंडर्ड सिक्योरिटी रिस्पांस माना जाता है, जिसमें स्नाइपर टीमों को ऊंचे स्थानों पर तैनात कर पूरे परिसर को सुरक्षित किया जाता है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, गोलीबारी सीक्रेट सर्विस 17 स्ट्रीट और पेनसिल्वेनिया एवेन्यू नॉर्थवेस्ट के पास हुई. यह इलाका व्हाइट हाउस कॉम्प्लेक्स के ठीक बाहर स्थित है.
घटना के बाद हथियारों से लैस सीक्रेट सर्विस एजेंट व्हाइट हाउस के नॉर्थ लॉन इलाके में गश्त करते दिखाई दिए. सुरक्षा कारणों से व्हाइट हाउस प्रेस ब्रीफिंग रूम को भी बंद कर दिया गया. सीक्रेट सर्विस ने पूरे नॉर्थ लॉन को खाली करा लिया. वहीं व्हाइट हाउस में मौजूद पत्रकारों को तुरंत दौड़कर प्रेस ब्रीफिंग रूम के अंदर जाने के निर्देश दिए गए.





