भारत

मेधावी छात्रा थी राष्ट्रपति कैंडिडेट द्रौपदी मुर्मू, पढ़ाने वाले शिक्षक ने बताया

Nilmani Pal
21 July 2022 1:52 AM GMT
मेधावी छात्रा थी राष्ट्रपति कैंडिडेट द्रौपदी मुर्मू, पढ़ाने वाले शिक्षक ने बताया
x

सोर्स न्यूज़  - आज तक  

दिल्ली। राष्ट्रपति चुनाव के लिए डाले गए वोटों की गिनती आज होनी है. इस बीच एनडीए की राष्ट्रपति उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू के स्कूल की तस्वीरें सामने आई हैं. मुर्मू ओडिशा के मयूरभंज जिले की कुसुमी तहसील के छोटे से गांव उपरबेड़ा में स्थित एक छोटे से स्कूल से पढ़ी हैं. यह गांव दिल्ली से लगभग 2000 किमी और ओडिशा के भुवनेश्वर से 313 किमी दूर है.

मुर्मू के राष्ट्रपति कैंडिडेट बनने पर राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय उपरबेड़ा के छात्रों को गर्व है. द्रौपदी मुर्मू को पढ़ाने वाले शिक्षक विश्वेश्वर मोहंती ने बताया कि आज उन्हें बहुत गर्व महसूस हो रहा है. द्रौपदी एक मेधावी छात्रा थीं. मोहंती ने आगे बताया कि उन्हें याद है, एक बार छात्रों से पूछा गया था कि वे भविष्य में क्या बनना चाहते हैं. ज्यादातर छात्रों ने बिजनैस करने की बात कही थी, लेकिन द्रौपदी ने कहा था कि वह लोगों की सेवा करना चाहती हैं. द्रौपदी जिस स्कूल से पढ़ी हैं, वहां पढ़ने वाले स्टूडेंट तनुश्री, इंद्रजीत और स्मृति उनके राष्ट्रपति उम्मीदवार बनने से बेहद खुश हैं. वे उत्साहित होते हुए कहते हैं कि उन्हें द्रौपदी पर गर्व है. वे उनके लिए एक प्रेरणा हैं. छात्र कहते हैं कि वे भी बड़े होकर अपने और अपने क्षेत्र का नाम रोशन करना चाहते हैं. बता दें कि द्रौपदी मुर्म के पति और 2 बेटों का निधन हो जाने के बाद उन्होंने अपने घर को एक बोर्डिंग स्कूल में बदल दिया. जहां आज भी स्कूल संचालित किया जाता है.

द्रौपदी मुर्मू ने 1994 से 1997 के बीच रायरंगपुर के श्री अरबिंदो इंटेग्रेटेल एजुकेशन एंड रिसर्च में एक शिक्षिका के रूप में काम किया. 1997 में उन्होंने अधिसूचित क्षेत्र परिषद में एक निर्दलीय के रूप में चुनाव लड़ा और जीत हासिल की. एक शिक्षिका के रूप में उन्होंने प्राथमिक विद्यालय में अलग-अलग विषयों को पढ़ाया. मुर्मू के साथ काम कर चुके दिलीप गिरी ने आजतक को बताया कि वह छात्रों के लिए बहुत प्यारी थीं. छात्रों को उनके जन्मदिन पर चॉकलेट देती थीं. उन्होंने मुझे भी मेरे जन्मदिन 16 फरवरी को चॉकलेट भी दी थी." स्कूल के नॉन टीचिंग स्टाफ ने आगे कहा कि मुर्मू की बेटी भी इसी स्कूल में थी, लेकिन उन्होंने कभी उसके लिए कोई विशेष व्यवहार नहीं किया. गिरी ने बताया कि मुर्मू का व्यवहार सभी छात्रों के साथ एक जैसा था. वो अपनी बेटी और अन्य छात्रों के बीच अंतर नहीं करती थी.


Next Story