भारत

अयोध्या में 25 लाख दीप जलाने की तैयारी

Nilmani Pal
10 Oct 2024 1:22 AM GMT
अयोध्या में 25 लाख दीप जलाने की तैयारी
x

यूपी। रामनगरी अयोध्या में आठवें दीपोत्सव में 25 लाख दीप प्रज्जवलित कर सातवीं बार विश्व रिकार्ड बनाने की तैयारी है। डॉ. राममनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय की ओर से 55 घाटों पर 28 लाख दीप बिछाए जाएंगे। घाटों पर दीपों को बिछाने के लिए 30 हजार स्वयंसेवकों का खका तैयार हो चुका है। दीपों में 90 हजार लीटर सरसों के तेल की खपत होगी। इस संख्या में राममंदिर परिसर में जलाए जाने वाले ढाई लाख दीपों को शामिल नहीं किया गया है।

अवध विवि की कुलपति प्रो. प्रतिभा गोयल के नेतृत्व में रामनगरी में छोटी दीपावली (30 अक्तूबर) को राम की पैड़ी सहित सरयू तट के विभिन्न घाटों पर शासन के लक्ष्य 25 लाख से अधिक दीए जलाएं जाएंगे। घाटों पर 28 लाख दीए बिछाए जाएंगे। जबकि 32 लाख दीप क्रय किए जाएंगे और चार लाख दीप रिजर्व में रहेंगे। आठवां दीपोत्सव रामलला प्राण प्रतिष्ठा के बाद का पहला दीपोत्सव होगा। इसलिए दीपोत्सव की भव्यता पर सरकार की भी निगाहें टिकी हैं।

दीपोत्सव की तैयारी के लिए नोडल समन्वयक प्रो. एसएस मिश्र ने बताया कि दीपों को बिछाने व जलाने के लिए 30 हजार स्वयंसेवक तैनात किए जाएंगे। इसमें विवि परिसर सहित 14 महाविद्यालय, 37 इण्टर कालेज, 40 एनजीओ शामिल होंगे। मैपिंग का कार्य शुरू कर दिया गया है। 17- 18 अक्तूबर से घाटों पर मार्किंग का कार्य शुरू कर दिया जाएगा। राम की पैड़ी के सभी घाटों पर 16 बाई 16 ब्लाक में 30 एमएल दीए में 30 एमएल सरसों का तेल डाला जाएगा। लगभग 90 हजार लीटर सरसों का इंतेजाम जिला प्रशासन की ओर से किया जाएगा। 26 अक्तूबर से घाटों पर दीए की खेप पहुंचने लगेगी। 27 अक्तूबर से स्वयंसेवक घाटों पर दीए बिछाने और 30 अक्तूबर को दीए प्रज्ज्वलित करके विश्व रिकार्ड बनाएंगे। मीडिया प्रभारी डॉ. विजयेन्दु चतुर्वेदी ने बताया कि जिला प्रशासन व विवि के सहयोग से दीपोत्सव को ऐतिहासिक बनाने के लिए तैयारी तेज हो गई है।

Next Story