भारत

यूपी विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारी तेज, चंदौली में 12 अक्टूबर से EVM की जांच

Shantanu Roy
9 Oct 2026 5:19 PM IST
यूपी विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारी तेज, चंदौली में 12 अक्टूबर से EVM की जांच
x
बड़ी खबर
Chandauli. चंदौली। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर प्रशासनिक तैयारियां तेज होने लगी हैं। चंदौली में इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (EVM) और वीवीपैट की फर्स्ट लेवल चेकिंग (FLC) 12 अक्टूबर से शुरू होगी। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने शुक्रवार को कलेक्ट्रेट परिसर स्थित ईवीएम वेयरहाउस का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया। जांच प्रक्रिया राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की मौजूदगी में पूरी की जाएगी। आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों के क्रम में ईवीएम की तकनीकी जांच को महत्वपूर्ण चरण माना जा रहा है। इसके तहत मशीनों की कार्यक्षमता का परीक्षण किया जाएगा। निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार इंजीनियरों की तकनीकी टीम जांच करेगी। इस दौरान मशीनों की सीलिंग और मॉक पोल की प्रक्रिया भी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की मौजूदगी में कराई जाएगी।

सुरक्षा व्यवस्था पर डीएम का जोर
निरीक्षण के दौरान डीएम ने वेयरहाउस की त्रिस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरों और प्रकाश व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने 24 घंटे सीसीटीवी रिकॉर्डिंग सुनिश्चित करने तथा अग्निशमन यंत्रों, बैरिकेडिंग और साफ-सफाई की व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। वैध प्रवेश पास के बिना किसी को भी परिसर में प्रवेश नहीं दिया जाएगा। मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय और राज्यस्तरीय राजनीतिक दलों के जिलाध्यक्षों एवं सचिवों को एफएलसी की जानकारी देकर निर्धारित समय पर प्रतिनिधियों की उपस्थिति सुनिश्चित करने की अपील की गई है।

एमएलसी चुनाव की तैयारियों का भी निरीक्षण
इसी क्रम में वाराणसी खंड स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के एमएलसी चुनाव की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। डीएम ने स्टेशनरी सामग्री, मतपेटियों की सफाई और रखरखाव का निरीक्षण कर अधिकारियों को समय से सभी व्यवस्थाएं पूरी करने के निर्देश दिए। विधानसभा चुनाव 2027 और एमएलसी चुनाव को लेकर प्रशासन की सक्रियता से जिले में निर्वाचन संबंधी तैयारियों को गति मिल रही है।
Next Story