
x
कुल्लू। लाहुल-स्पीति की विधायक अनुराधा राणा ने मयाड़ घाटी के करपट का दौरा कर बरसात के दौरान बाढ़ के कारण पानी में डूबे पुल का निरीक्षण किया। पुल के प्रभावित होने से क्षेत्र में आवागमन को लेकर पैदा हुई परेशानी के बीच विधायक ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और ग्रामीणों की सुविधा के लिए पुल निर्माण के विकल्पों पर चर्चा की। जानकारी के अनुसार पिछले दो महीनों से इस स्थान पर लगातार कार्य किया जा रहा है, ताकि ग्रामीणों को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। निरीक्षण के दौरान विधायक ने लोक निर्माण विभाग सहित संबंधित विभागों के अधिकारियों और स्थानीय लोगों से मौजूदा स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने क्षेत्र की परिस्थितियों और ग्रामीणों की समस्याओं को समझते हुए आवश्यक कदम उठाने पर जोर दिया। विधायक अनुराधा राणा ने पुल के निर्माण के लिए संभावित नई जगह का भी निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों और स्थानीय लोगों से मिले सुझावों के आधार पर आगे की कार्ययोजना को लेकर भी चर्चा की गई। इस अवसर पर एसडीएम उदयपुर ओम प्रकाश, लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता अश्वनी गुलेरिया, जिला कांग्रेस अध्यक्ष दोरजे लारजे, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष अनिल ठाकुर, विभिन्न विभागों के अधिकारी, पार्टी कार्यकर्ता और स्थानीय ग्रामीण मौजूद रहे।
Next Story





