भारत

गर्भवती महिला की हत्या का खुलासा, गार्डन में दफनाकर आरोपी पति फरार

SHIDDHANT
27 Sept 2026 7:34 PM IST
गर्भवती महिला की हत्या का खुलासा, गार्डन में दफनाकर आरोपी पति फरार
x
शव दफनाने की घटना
Japiur जयपुर: राजस्थान की राजधानी जयपुर के बिंदायका इलाके में एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक गर्भवती महिला की हत्या कर उसके शव को घर के गार्डन में दफना दिया गया। मकान मालिक की सूचना पर पुलिस ने मिट्टी खोदकर शव बरामद किया। वारदात के बाद आरोपी मकान बंद कर फरार हो गया। पुलिस के मुताबिक, बिंदायका थाना क्षेत्र की प्रेस्टीज कॉलोनी स्थित एक मकान के गार्डन में मिट्टी के नीचे महिला का शव दबा मिला। मकान मालिक जब घर की देखरेख के लिए पहुंचा तो मकान बाहर से लॉक था। आसपास के लोगों से पूछताछ के बाद उसने गार्डन की मिट्टी में बदलाव देखा।
मकान मालिक को शक होने पर जब मिट्टी हटाई गई तो महिला का हाथ दिखाई दिया। इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने FSL टीम की मदद से जांच शुरू की और गड्ढा खोदकर शव को बाहर निकाला। पुलिस जांच में सामने आया कि उत्तर प्रदेश निवासी प्रवेश नाम का युवक इस मकान में किराए पर रह रहा था। करीब दो महीने पहले उसने मकान किराए पर लिया था और एक महिला के साथ रह रहा था, जिसे वह अपनी पत्नी बताता था।
पुलिस के अनुसार, मृतका की पहचान किरन के रूप में हुई है, जो उत्तर प्रदेश के बाराबंकी की रहने वाली थी। महिला करीब 6 महीने की गर्भवती थी। प्रारंभिक जांच में पुलिस को आशंका है कि प्रवेश ने ही महिला की हत्या की और शव को गार्डन में गड्ढा खोदकर दफना दिया। पुलिस का कहना है कि हत्या के बाद आरोपी ने सबूत मिटाने की कोशिश की। जांच में सामने आया है कि शव को दफनाने के बाद ऊपर से नमक डाला गया था। वारदात के बाद आरोपी घर को लॉक कर फरार हो गया।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए कांवटिया अस्पताल की मॉर्च्युरी में भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद हत्या के तरीके और अन्य तथ्यों का खुलासा हो सकेगा। बिंदायका थाना पुलिस आरोपी प्रवेश की तलाश में जुटी हुई है। पुलिस टीम उसके संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है और मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।
Next Story