भारत
कुल्फी के पैसे मांगने पर गर्भवती महिला से मारपीट, चार पर केस दर्ज
Shantanu Roy
16 May 2026 4:22 PM IST

x
पेट में लात लगने से गर्भपात
Mauganj. मऊगंज। मध्य प्रदेश के मऊगंज जिले के शिवराजपुर गांव में एक बेहद दर्दनाक और शर्मनाक घटना सामने आई है, जहां कुल्फी के पैसे मांगने पर चार युवकों ने एक 25 वर्षीय गर्भवती महिला के साथ बेरहमी से मारपीट कर दी। पीड़िता का आरोप है कि मारपीट के दौरान पेट में लात लगने से उसका तीन माह का गर्भ गिर गया। घटना के बाद इलाके में तनाव और आक्रोश का माहौल है। पीड़िता साधना साकेत ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि वह शुक्रवार दोपहर अपने जेठ की दुकान पर कुल्फी बेचने में मदद कर रही थी। इसी दौरान गांव का राजेश साकेत अपने कुछ साथियों के साथ वहां पहुंचा और कुल्फी खाने के बाद पैसे देने से इनकार कर दिया। इस बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई, लेकिन उस समय मामला शांत हो गया।
पीड़िता के अनुसार, मामला यहीं खत्म नहीं हुआ। रात करीब 9 बजे जब वह घर के पास खेत की ओर गई, तभी पहले से घात लगाए बैठे चारों आरोपियों ने उसे घेर लिया। आरोप है कि राजेश साकेत, अंकित, बसंत और अशोक साकेत ने उसके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी और फिर बेरहमी से मारपीट की। महिला ने बताया कि मारपीट के दौरान एक आरोपी ने उसके पेट पर जोर से लात मारी, जिससे वह जमीन पर गिर पड़ी और बेहोश हो गई। शोर सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे और किसी तरह बीच-बचाव कर उसे बचाया। इसके बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देकर मौके से फरार हो गए।
परिजनों ने तुरंत महिला को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार किया। हालत गंभीर होने पर उसे संजय गांधी अस्पताल, रीवा रेफर कर दिया गया। बीएमओ डॉ. आरके पाठक के अनुसार महिला की स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए रेफर किया गया है। देर रात महिला की हालत और बिगड़ गई और परिजनों का कहना है कि करीब 1 बजे उसका तीन माह का गर्भ गिर गया। हालांकि डॉक्टरों ने कहा है कि चिकित्सकीय परीक्षण और रिपोर्ट के बाद ही स्थिति की पूरी पुष्टि की जाएगी, क्योंकि महिला ने पहले गर्भ की नियमित जांच नहीं कराई थी।
घटना के बाद नईगढ़ी थाना पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर चार नामजद आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद मामले में और धाराएं जोड़ी जा सकती हैं, जिनमें गंभीर चोट और अन्य आपराधिक धाराएं शामिल होंगी। पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कई टीमों का गठन किया है और उनके संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। फिलहाल सभी आरोपी फरार बताए जा रहे हैं। इस घटना के बाद गांव में आक्रोश और तनाव का माहौल है। स्थानीय लोगों ने ऐसी घटनाओं पर सख्त कार्रवाई की मांग की है और कहा है कि महिलाओं के खिलाफ इस तरह की हिंसा को किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाना चाहिए।
Tagsमऊगंजशिवराजपुर गांवकुल्फी विवादगर्भवती महिला मारपीटतीन माह गर्भपातसाधना साकेतराजेश साकेतअंकितबसंतअशोक साकेतपेट में लातगंभीर चोटरीवा रेफरसंजय गांधी अस्पतालनईगढ़ी थानापुलिस केस दर्जचार आरोपीगाली-गलौजमारपीट मामलामध्य प्रदेश अपराधमहिला हिंसाग्रामीण विवादजान से मारने की धमकीफरार आरोपीMauganjShivrajpur villageKulfi disputepregnant woman assaultedthree months abortionSadhna SaketRajesh SaketAnkitBasantAshok Saketkick in stomachserious injuryreferred to RewaSanjay Gandhi HospitalNaigarhi police stationpolice case registeredfour accusedabuseassault caseMadhya Pradesh crimewomen violencerural disputethreat to killabsconding accused
Next Story





