भारत

एशियन गेम्स में प्राची चौधरी ने जीता ब्रॉन्ज, पीएम मोदी ने दी बधाई

SHIDDHANT
26 Sept 2026 8:10 PM IST
एशियन गेम्स में प्राची चौधरी ने जीता ब्रॉन्ज, पीएम मोदी ने दी बधाई
x
Delhi दिल्ली। एशियन गेम्स 2026 में भारत की प्राची चौधरी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए महिलाओं की 400 मीटर दौड़ में कांस्य पदक अपने नाम किया है। प्राची ने फाइनल में 53.21 सेकंड का समय लेते हुए तीसरा स्थान हासिल किया और भारत को एथलेटिक्स में एक और पदक दिलाया।
प्राची चौधरी की इस उपलब्धि पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उन्हें बधाई दी। प्रधानमंत्री ने कहा कि महिलाओं की 400 मीटर स्पर्धा में कांस्य पदक जीतने के लिए प्राची चौधरी को बधाई। उनकी शानदार दौड़ ने भारत को पोडियम पर यादगार स्थान दिलाया है। उन्होंने प्राची को भविष्य के प्रयासों के लिए शुभकामनाएं भी दीं।
महिलाओं की 400 मीटर फाइनल में प्राची ने मजबूत चुनौती पेश की। उन्होंने 53.21 सेकंड में दौड़ पूरी कर कांस्य पदक हासिल किया। बहरीन की सलवा नासेर ने 49.20 सेकंड के गेम्स रिकॉर्ड के साथ स्वर्ण पदक जीता, जबकि ईरान की जाहरा जरेई मनौजन ने 52.38 सेकंड के समय के साथ रजत पदक अपने नाम किया।
इस स्पर्धा में भारत की एक अन्य एथलीट किरण पहल भी फाइनल में उतरीं। उन्होंने 53.41 सेकंड का समय दर्ज करते हुए पांचवां स्थान हासिल किया। प्राची का कांस्य पदक भारत के लिए एथलेटिक्स में अहम उपलब्धि बनकर सामने आया है। 400 मीटर जैसी तेज रफ्तार स्पर्धा में पोडियम तक पहुंचने के लिए शुरुआत से लेकर फिनिश लाइन तक गति और लय बनाए रखना महत्वपूर्ण होता है। प्राची ने फाइनल में अपना दम दिखाते हुए तीसरा स्थान हासिल किया।
प्रधानमंत्री मोदी ने एशियन गेम्स में भारतीय खिलाड़ियों के प्रदर्शन को लेकर लगातार उनका उत्साह बढ़ाया है। खेलों की शुरुआत के मौके पर भी उन्होंने भारतीय दल को शुभकामनाएं देते हुए कहा था कि देश का प्रतिनिधित्व करने वाले खिलाड़ियों ने कड़ी मेहनत की है और देश को उन पर गर्व है। प्राची चौधरी के कांस्य पदक के साथ भारत की पदक तालिका में एक और मेडल जुड़ गया। 26 सितंबर को उनकी इस उपलब्धि के बाद भारत के पदकों की कुल संख्या 30 तक पहुंच गई थी।
Next Story