भारत

BRICS के मंच पर आज पावर डिप्लोमेसी, भारत मंडपम में जुटेंगे विश्व नेता

SHIDDHANT
12 Sept 2026 12:34 AM IST
BRICS के मंच पर आज पावर डिप्लोमेसी, भारत मंडपम में जुटेंगे विश्व नेता
x
ग्लोबल गवर्नेंस से ऊर्जा सुरक्षा तक BRICS में आज होगा महामंथन
Delhi दिल्ली। 18वीं BRICS लीडर्स समिट का आज नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजन होने जा रहा है। सम्मेलन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन, चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग और ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियन समेत सदस्य एवं साझेदार देशों के शीर्ष नेता शामिल होंगे। वैश्विक शासन व्यवस्था से लेकर ऊर्जा सुरक्षा और आर्थिक सहयोग तक कई अहम मुद्दों पर इस सम्मेलन में मंथन होने की उम्मीद है। BRICS समिट को लेकर राजधानी में कूटनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। दुनिया के कई शीर्ष नेता और उनके प्रतिनिधिमंडल दिल्ली पहुंच चुके हैं। सम्मेलन के मुख्य सत्रों के साथ द्विपक्षीय बैठकों पर भी दुनिया की नजर रहने वाली है।
सबसे ज्यादा निगाहें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग की प्रस्तावित मुलाकात पर हैं। कार्यक्रम के अनुसार, शी जिनपिंग के दोपहर 12:35 बजे दिल्ली पहुंचने और शाम 5:45 बजे प्रधानमंत्री मोदी के साथ द्विपक्षीय बैठक करने का कार्यक्रम है। दोनों नेताओं की मुलाकात भारत-चीन संबंधों के लिहाज से महत्वपूर्ण मानी जा रही है। इसके अलावा रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियन की मौजूदगी भी सम्मेलन को खास बना रही है। BRICS के मंच पर सदस्य देशों के बीच व्यापार, निवेश, आर्थिक सहयोग, ऊर्जा सुरक्षा और अंतरराष्ट्रीय संस्थाओं में सुधार जैसे विषय प्रमुखता से उठ सकते हैं।
सम्मेलन में ग्लोबल साउथ की आवाज को मजबूत करने और बदलती वैश्विक परिस्थितियों में विकासशील देशों के बीच सहयोग बढ़ाने पर भी जोर रहने की संभावना है। मौजूदा भू-राजनीतिक परिस्थितियों के बीच BRICS नेताओं की चर्चाओं को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर महत्वपूर्ण माना जा रहा है। भारत मंडपम में शाम 7:30 बजे सम्मेलन में शामिल राष्ट्राध्यक्षों और अन्य शीर्ष मेहमानों के लिए रात्रिभोज का आयोजन किया जाएगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस विशेष रात्रिभोज की मेजबानी करेंगे।
BRICS समिट को देखते हुए दिल्ली में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने भी विशेष यातायात एडवाइजरी जारी की है। सम्मेलन से जुड़े वीवीआईपी मूवमेंट के कारण राजधानी के कई महत्वपूर्ण मार्गों पर यातायात को आवश्यकता के अनुसार नियंत्रित किया जाएगा। यात्रियों को घर से निकलने से पहले ट्रैफिक अपडेट देखने और पर्याप्त अतिरिक्त समय लेकर यात्रा करने की सलाह दी गई है। भारत की मेजबानी में हो रही 18वीं BRICS लीडर्स समिट को वैश्विक कूटनीति के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। भारत मंडपम में होने वाली बैठकों और नेताओं की द्विपक्षीय मुलाकातों से निकलने वाले संदेशों पर दुनिया की निगाहें रहेंगी। खास तौर पर मोदी-शी वार्ता और BRICS नेताओं के बीच वैश्विक मुद्दों पर बनने वाली सहमति सम्मेलन के प्रमुख केंद्र बिंदु रहेंगे।
Next Story