भारत

संभलकर! इन राज्यों में आने वाली है भारी बारिश

jantaserishta.com
9 Oct 2023 3:47 AM GMT
संभलकर! इन राज्यों में आने वाली है भारी बारिश
x

सांकेतिक तस्वीर

देश के कई राज्यों में मॉनसून भारी बारिश देकर विदाई कर रहा है।
नई दिल्ली: देश के कई राज्यों में मॉनसून भारी बारिश देकर विदाई कर रहा है। मौसम विभाग ने आज से अगले पांच दिन कई राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय समेत पूर्वोत्तर भारत के कई हिस्सों में गरज के साथ भारी बारिश की संभावना जताई है। उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में भी आज कई स्थानों पर बिजली चमकने और गरज के साथ बारिश की चेतावनी जारी की गई है। दिल्ली में बादलों के आवरण के साथ मौसम खुशनुमा रहेगा। वहीं, बिहार, झारखंड और मध्य प्रदेश में मॉनसून की विदाई से पहले बारिश हो सकती है। पश्चिमी विक्षोभ की वजह से यहां कई जगहों पर बूंदाबांदी की संभावना है।
मौसम विभाग के मुताबिक 11 अक्टूबर के दौरान देश के कई हिस्सों में गरज और बिजली चमकने के साथ हल्की/मध्यम से भारी बारिश होने की संभावना है। मध्य और पश्चिमी भारत के हिस्सों में अगले पांच दिनों के दौरान कोई महत्वपूर्ण बदलाव की संभावना कम है।
आईएमडी के मुताबिक, अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय में आंधी, बिजली गिरने और भारी बारिश की संभावना है। उधर, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भारी बारिश के बाद मौसम में आज से बदलाव देखने को मिलेगा। यहां हालांकि कई स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा के साथ कुछ स्थानों पर भारी वर्षा भी हो सकती है। वहीं, उप-हिमालयी राज्यों पश्चिम बंगाल और सिक्किम में आंधी और बिजली गिरने की संभावना है।
स्काईमेट वेदर के मुताबिक, दिल्ली में आज मौसम साफ रहेगा। हालांकि 10 अक्टूबर से बारिश की संभावना जताई गई है। यहां न्यूनतम तापमान 22 डिग्री जबकि अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। इससे पहले रविवार को आसमान साफ रहा और लोगों को गर्मी और उमस का सामना करना पड़ा। हालांकि मध्यम हवाओं और आकाश साफ होने से प्रदूषण में कमी जरूर आई है। मौसम विभाग के मुताबिक, सोमवार से दिल्ली में आसमान पर आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। तापमान अधिकतम 36 डिग्री और न्यूनतम 24 डिग्री रहने की संभावना है।
मौसम विभाग का कहना है कि उत्तर पश्चिम राज्यों में कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है। जबकि, हिमाचल और उत्तराखंड के पहाड़ी इलाकों में गरज और बिजली चमकने के साथ बारिश की बहुत संभावना है।
मौसम विभाग ने दक्षिण भारत के हिस्सों में भी कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा के साथ कुछ स्थानों पर भारी वर्षा की भविष्यवाणी की है। 11 तारीख तक तमिलनाडु में आंधी और बिजली गिरने की संभावना है। कर्नाटक में आज भारी बारिश हो सकती है। जबकि, 9 से 12 अक्टूबर के दौरान केरल में बहुत ज्यादा बारिश की संभावना है।
मौसम विभाग के अनुसार, मध्यप्रदेश, बिहार और झारखंड में मौसम की विदाई का दौर जारी है। मॉनसून अपने अंतिम पड़ाव पर है। मध्यप्रदेश में मॉनसून 10 अक्टूबर तक पूरी तरह से चला जाएगा। इससे पहले आज यहां जबलपुर समेत आस-पास के जिलों में बूंदा-बांदी हो सकती है। पश्चिमी विक्षोभ के गुजरने की वजह हवा का रुख बदलेगा और तापमान में गिरावट आ सकती है। अगले 15 दिनों तक ठंड का असर तेज होगा।
बिहार और झारखंड में भी 10 अक्टूबर तक मॉ़नसून की विदाई हो जाएगी। आज और कल दोनों राज्यों के कुछ जिलों में बूंदा-बांदी हो सकती है।
Next Story