भारत

पुलिसकर्मी बनकर सोना कारोबारी से करोड़ों की लूट, सिपाही समेत 9 आरोपी शामिल

SHIDDHANT
26 Nov 2026 8:26 PM IST
पुलिसकर्मी बनकर सोना कारोबारी से करोड़ों की लूट, सिपाही समेत 9 आरोपी शामिल
x
परिचित की भूमिका आई सामने
लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में सोना कारोबारी से हुई करोड़ों रुपये की लूट का पुलिस ने खुलासा किया है। आरोपियों ने पुलिसकर्मी बनकर कारोबारी की बस रुकवाई और उसे डराकर एक किलो से अधिक सोना, नकदी और मोबाइल फोन लूट लिया था। पुलिस की जांच में एक सिपाही समेत नौ लोगों की कथित संलिप्तता सामने आई है। मामले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि चार अन्य की तलाश जारी है।
जानकारी के मुताबिक, पश्चिम बंगाल के पूर्व मेदिनीपुर निवासी महेंद्र दास सोने के आभूषण बनाने का कारोबार करते हैं। जौनपुर में भी उनका कारोबार है। वह 20 नवंबर को व्यावसायिक काम से जौनपुर पहुंचे थे। स्थानीय सर्राफा व्यापारियों को आभूषण देने के बाद 21 नवंबर को वह लखनऊ होते हुए दिल्ली जाने के लिए बस में सवार हुए थे।
आरोप है कि सुशांत गोल्फ सिटी थाना क्षेत्र के खुर्दही बाजार स्थित पेट्रोल पंप के पास आरोपियों ने कारोबारी की बस रुकवाई। खुद को पुलिसकर्मी बताकर उन्होंने महेंद्र दास को बस से नीचे उतारा और अवैध सामान रखने का डर दिखाया। इसके बाद आरोपी उन्हें जबरन कार में बैठाकर सोने के आभूषणों से भरा बैग, नकदी और मोबाइल फोन लूटकर फरार हो गए।
पीड़ित की शिकायत के बाद पुलिस, सर्विलांस सेल और क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीम ने जांच शुरू की। जांच में सामने आया कि वारदात की साजिश पहले से रची गई थी। जौनपुर में तैनात सिपाही विनय शंकर को इस मामले का मुख्य आरोपी बताया जा रहा है। कारोबारी के परिचित तिलक मांझी की भी कथित भूमिका सामने आई है।
पुलिस ने प्रीतम सोनी, अविनाश शाही, राहुल चौहान, सुभाष कुमार कुशवाहा और तिलक मांझी को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 844 ग्राम पीली धातु के आभूषण और सोने के टुकड़े, एक लाख 82 हजार 500 रुपये नकद तथा वारदात में इस्तेमाल कार बरामद की गई है। फिलहाल पुलिस फरार सिपाही विनय शंकर, सागर सेठ, रविकांत समेत चार आरोपियों की तलाश कर रही है। बाकी सोने की बरामदगी के लिए भी जांच जारी है। पुलिस कस्टम विभाग से जुड़े किसी व्यक्ति की संभावित भूमिका की भी पड़ताल कर रही है।
Next Story