भारत

नकली पुलिस बनकर बुजुर्ग महिला से ठगी, उड़ा लिए 1 लाख के गहने

jantaserishta.com
7 Jan 2026 9:35 AM IST
नकली पुलिस बनकर बुजुर्ग महिला से ठगी, उड़ा लिए 1 लाख के गहने
x
आरोपियों ने महिला को एक काली प्लास्टिक की थैली दी और कहा कि वह अपने सारे गहने उसमें रख दे.
मुंबई: मुंबई शहर के कांदिवली पश्चिम इलाके में एक बुजुर्ग महिला से ठगी का मामला सामने आया है। डहाणूकरवाड़ी मेट्रो स्टेशन के नीचे पुलिस होने का झांसा देकर तीन अज्ञात आरोपियों ने करीब 1 लाख रुपए कीमत के सोने के गहने चुरा लिए।
पुलिस के अनुसार पीड़िता की पहचान प्रीमा संजीवा पुजारी (66) के रूप में हुई है, जो पिछले 25 वर्षों से कांदिवली पश्चिम में अपने परिवार के साथ रह रही हैं। वह रोज की तरह सुबह मॉर्निंग वॉक के लिए निकली थीं। जब वह डहाणूकरवाड़ी मेट्रो स्टेशन के पास फुटपाथ से गुजर रही थीं, तभी एक अज्ञात व्यक्ति उनके पास आया और उनसे कहा कि पीछे कोई उन्हें बुला रहा है।
इसी दौरान पीछे खड़े दूसरे आरोपी ने महिला को डराते हुए कहा कि आगे गहनों के लिए चाकू मारकर हत्या की गई है। उसने यह कहकर भय का माहौल बना दिया कि उनकी सुरक्षा के लिए उन्हें अपने गहने तुरंत उतार लेने चाहिए। महिला ने जब इसका विरोध किया तो दोनों आरोपियों ने खुद को पुलिसकर्मी बताते हुए भरोसा दिलाया।
आरोपियों ने महिला को एक काली प्लास्टिक की थैली दी और कहा कि वह अपने सारे गहने उसमें रख दे। डर और भ्रम की स्थिति में आकर महिला ने अपने सभी सोने के गहने थैली में रख दिए। इसके बाद आरोपियों ने थैली उन्हें लौटाई और सुरक्षित रखने की सलाह देकर मौके से फरार हो गए।
कुछ ही देर बाद महिला को शक हुआ। जब उन्होंने थैली खोलकर देखी तो उसमें कुछ भी नहीं था। तब उन्हें ठगी का एहसास हुआ। पीड़िता के अनुसार इस वारदात में तीन आरोपी शामिल थे। दो आरोपी सीधे महिला से बातचीत कर रहे थे, जबकि तीसरा थोड़ी दूरी पर खड़ा होकर निगरानी कर रहा था। तीनों ने पुलिस होने का नाटक कर महिला का भरोसा जीत लिया।
घटना के तुरंत बाद पीड़िता ने पुलिस को सूचना दी और कांदिवली पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ ठगी और धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया है। मेट्रो स्टेशन और आसपास के इलाकों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके।
मुंबई पुलिस का कहना है कि नागरिक, खासकर बुजुर्ग, किसी भी व्यक्ति पर जो खुद को पुलिस या सरकारी अधिकारी बताए, बिना पहचान पत्र देखे भरोसा न करें। किसी भी हाल में गहने या कीमती सामान अजनबियों को न सौंपें और संदिग्ध स्थिति में तुरंत पुलिस को सूचना दें।
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story