भारत
सहारनपुर में मस्जिद पर बुलडोजर कार्रवाई से गरमाई सियासत, अखिलेश बोले- सच्चा सनातनी दूसरे धर्म का..?
jantaserishta.com
5 Sept 2026 4:22 PM IST

x
सहारनपुर: सहारनपुर कलेक्ट्रेट परिसर में बनी अवैध मस्जिद को बुलडोजर से ढहाए जाने के बाद उत्तर प्रदेश की सियासत गरमा गई है। विपक्ष की ओर से लगातार इस कार्रवाई को लेकर सवाल उठाए जा रहे हैं। समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भी मामले को लेकर बीजेपी पर तीखा हमला बोला। लखनऊ में पत्रकारों से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि सच्चा सनातनी वही है जो दूसरे धर्मों की आस्था और मान्यताओं का सम्मान करे।
अखिलेश बोले- दूसरे धर्म का अपमान करने वाला सनातनी नहीं
अखिलेश यादव ने कहा कि जो लोग दूसरे धर्म का सम्मान नहीं करते और दूसरों की आस्था के साथ खिलवाड़ करते हैं, उन्हें सनातनी नहीं कहा जा सकता। उन्होंने कहा कि हिंदू धर्म में उन्होंने यही सीखा है कि किसी दूसरे का अपमान नहीं किया जाना चाहिए।
सपा प्रमुख ने ‘वसुधैव कुटुंबकम’ का उल्लेख करते हुए कहा कि इसका अर्थ पूरी दुनिया को एक परिवार मानना है। उनके मुताबिक सच्चा सनातनी सौहार्द पसंद होता है और समाज में सौहार्द बनाए रखना सरकार की ही सबसे बड़ी जिम्मेदारी है।
चढ़ावे की चोरी के आरोपों को कार्रवाई से जोड़ा
अखिलेश यादव ने सहारनपुर की कार्रवाई को लेकर कहा कि इसके पीछे एक अलग वजह है। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोग भगवान राम के धन और चढ़ावे से जुड़े मामले में पकड़े गए हैं इसके साथ ही SIT बनाकर जेल भेजे जाने की कार्रवाई से उनका सब छिन गया है।
उनका दावा था कि जनता को अब ऐसे लोगों के बारे में जानकारी हो चुकी है और इसी वजह से पूरे मामले को सांप्रदायिक रंग देने की कोशिश की जा रही है। हालांकि, ये आरोप अखिलेश यादव की ओर से लगाए गए हैं।
सुप्रीम कोर्ट जाने का मौका क्यों नहीं दिया?
सपा अध्यक्ष ने कार्रवाई को लेकर न्यायिक प्रक्रिया पर भी सवाल उठाया। उन्होंने पूछा कि क्या मुस्लिम समुदाय को हाई कोर्ट से न्याय नहीं मिल सकता था? क्या उनके पास सुप्रीम कोर्ट में अपील करने का विकल्प नहीं था?
अखिलेश ने आरोप लगाया कि अधिकारियों ने सरकार के इशारे पर कार्रवाई की है। उन्होंने कहा कि जल्दबाजी में की गई कार्रवाई का उद्देश्य यह हो सकता है कि संबंधित पक्ष को आगे की अदालत में न्याय मिलने का अवसर ही न मिले।
बीजेपी के चंदे को लेकर भी साधा निशाना
अखिलेश यादव ने बीजेपी के राजनीतिक इतिहास का जिक्र करते हुए पार्टी पर भी सवाल उठाए। उन्होंने दावा किया कि बीजेपी ने अपने शुरुआती दौर में मुस्लिम समाज से काफी चंदा लिया था और खुद को सेक्युलर दिखाने के लिए एक मुस्लिम व्यक्ति को प्रस्तावक तक बनाया था। उन्होंने कहा कि आज जो लोग धर्म और आस्था के नाम पर राजनीति कर रहे हैं, उन्हें अपने पुराने राजनीतिक इतिहास को भी देखना चाहिए।
लाल बिल्डिंग की बिक्री पर अधिकारियों को घेरा
अखिलेश यादव ने प्रशासनिक अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर भी निशाना साधा। उन्होंने लाल बिल्डिंग को लेकर सवाल उठाते हुए कहा कि जिन लोगों ने इसे भ्रष्टाचार की इमारत बताया, उन्होंने जिस कीमत पर इसे बेचा, उतनी रकम तो पार्किंग से कमाई जा सकती थी।
उन्होंने कार्रवाई से जुड़े अधिकारियों पर भी तंज कसा और कहा कि कुछ अधिकारी पहले गोरखपुर में नौकरी कर चुके हैं और वहीं से इस तरह का काम सीखकर आए हैं। अखिलेश ने दावा किया कि जनता अब पूरे मामले को समझ चुकी है और बदलाव के लिए केवल 100 दिन बचे हैं।
शिक्षक दिवस पर शिक्षा को लेकर भी बोले अखिलेश
पत्रकारों से बातचीत के दौरान अखिलेश यादव ने शिक्षक दिवस के मौके पर डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन को नमन किया। उन्होंने कहा कि इस दिन समाज को संकल्प लेना चाहिए कि शिक्षा और शिक्षकों का हमेशा सम्मान किया जाएगा।
सपा प्रमुख ने कहा कि विकसित भारत का निर्माण केवल नारों और जुमलों से नहीं हो सकता। इसके लिए शिक्षा के क्षेत्र पर ईमानदारी से ध्यान देना जरूरी है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी हमेशा रूढ़िवादी, सामंतवादी और एकरंगी सोच के खिलाफ खड़ी रहेगी।
सहारनपुर में मस्जिद पर हुई बुलडोजर कार्रवाई को लेकर अखिलेश यादव के इन बयानों के बाद यूपी की सियासत में इस मुद्दे पर बहस और तेज होने के संकेत हैं।
Tagsसहारनपुर कलेक्ट्रेट परिसर अवैध मस्जिदअखिलेश यादवIllegal mosque in Saharanpur Collectorate premisesAkhilesh Yadav
jantaserishta.com
भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।
Next Story





