भारत

बीजेपी नेता की मौत को लेकर गरमाई राजनीति, सड़क से लेकर संसद तक नीतीश-तेजस्वी सरकार को घेरेगी भाजपा

jantaserishta.com
14 July 2023 12:35 PM GMT
बीजेपी नेता की मौत को लेकर गरमाई राजनीति, सड़क से लेकर संसद तक नीतीश-तेजस्वी सरकार को घेरेगी भाजपा
x
नई दिल्ली: भाजपा नेता विजय कुमार सिंह की पटना में हुई मृत्यु पर बिहार से लेकर दिल्ली तक की राजनीति गरमाई हुई है। बिहार सरकार एवं जेडीयू और आरजेडी के दावे के विपरीत भाजपा अपने नेता की मृत्यु को राज्य प्रायोजित हत्या करार देते हुए आरोप लगा रही है कि उनकी हत्या की सच्चाई छुपाने के लिए बिहार सरकार साजिश रच रही है। भाजपा अपने नेता की मृत्यु को शहादत करार देते हुए सड़क से लेकर संसद तक नीतीश कुमार और तेजस्वी यादव की सरकार को घेरने का मंसूबा बना चुकी है। भाजपा के निशाने पर नीतीश कुमार के साथ मिलकर विपक्षी एकता को लेकर मुहिम चलाने वाले राहुल गांधी भी हैं क्योंकि उनकी पार्टी कांग्रेस भी बिहार में महागठबंधन सरकार का हिस्सा है।
भाजपा शुक्रवार को पूरे बिहार में काला दिवस अभियान चला रही है। बिहार विधान सभा से लेकर बिहार की सड़कों तक नीतीश-तेजस्वी सरकार को घेर रही है। भाजपा 20 जुलाई से शुरू होने जा रहे संसद के मानसून सत्र में भी पटना के लाठीचार्ज के मुद्दे को उठाकर नीतीश कुमार, तेजस्वी यादव, राहुल गांधी और इनके साथ खड़े होने वाले सभी दलों को घेरने का प्रयास करेगी। शुक्रवार को एक तरफ जहां भाजपा नेता बिहार में काला दिवस अभियान चलाकर नीतीश-तेजस्वी सरकार को घेर रहे थे तो वहीं राजधानी दिल्ली में केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने मोर्चा संभालते हुए आरोप लगाया कि भाजपा कार्यकर्ता विजय कुमार सिंह की मृत्यु राज्य प्रायोजित हत्या है और अब हत्या की सच्चाई छिपाने के लिए साजिश रची जा रही है।
बिहार से लोक सभा सांसद और अमित शाह के साथ केंद्रीय गृह मंत्रालय में बतौर राज्य मंत्री कार्य कर रहे नित्यानंद राय ने इस हत्या के लिए दोषी पुलिसकर्मियों को तुरंत गिरफ्तार करने एवं नीतीश-तेजस्वी के इस्तीफे की मांग करते हुए कहा कि साजिशन हत्या करने के उद्देश्य से लाठीचार्ज कराने वाले मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव अविलंब इस्तीफा दें। भाजपा नेता विजय कुमार सिंह की हत्या करने वाले दोषी पुलिसकर्मियों को अविलंब गिरफ्तार कर सजा दिलाई जाए।
उन्होंने आरोप लगाया कि नीतीश-तेजस्वी सरकार ने विजय कुमार सिंह की हत्या की सच्चाई छुपाने के लिए साजिश रची और बिहार सरकार कह रही है कि लाठीचार्ज में उनकी हत्या नहीं हुई है। सच्चाई यह है कि नीतीश-तेजस्वी सरकार की बर्बरतापूर्ण पुलिस लाठीचार्ज में भाजपा नेता विजय कुमार सिंह की हत्या हुई और हजारों लोग घायल हुए हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि बिहार में जंगलराज 3 चरम पर है। उन्होंने कहा कि कल भाजपा के सांसद, विधायकों, विधान पार्षदों, नेताओं और कार्यकर्ताओं पर ऐसा बर्बरतापूर्ण लाठी प्रहार हुआ, जैसे स्वतंत्रता संग्राम में साइमन कमीशन के सामने प्रदर्शन के दौरान अंग्रेजों ने स्वतंत्रता सेनानियों पर बर्बरतापूर्ण लाठीचार्ज किया था। वहीं, हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश के कारण पैदा हुए बाढ़ के कारण हुए नुकसान का जायजा लेने के लिए अपने गृह राज्य हिमाचल प्रदेश गए भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने वहीं से चार नेताओं की एक उच्चस्तरीय समिति का गठन कर उसे यह निर्देश दिया कि समिति पटना जाकर घटना की जांच करें और रिपोर्ट उन्हें सौंपे।
झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास को इस समिति का संयोजक बनाया गया है। भाजपा सांसद मनोज तिवारी, विष्णु दयाल राम और सुनीता दुग्गल को इस जांच समिति का सदस्य बनाया गया है। जांच समिति की रिपोर्ट आने के बाद भाजपा का हमला और तेज होना तय है।
Next Story