
x
योगी सरकार के मंत्रियों ने लगाए गंभीर आरोप
लखनऊ: समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव के गोरखपुर दौरे पर यूपी सरकार के मंत्रियों ने तीखा हमला बोला है। कैबिनेट मंत्री राकेश सचान ने कहा कि अखिलेश यादव ने चौरी-चौरा और काकोरी के शहीदों को जातियों में बांटकर उनका अपमान किया है। वहीं, मंत्री दानिश आजाद अंसारी ने कहा कि आज जब अखिलेश यादव गोरखपुर पहुंचे होंगे तो उन्हें समझ आया होगा कि यूपी में पिछले 10 सालों में कितना विकास हुआ है।
'अखिलेश ने किया शहीदों का अपमान'
राकेश सचान ने कहा कि चौरी-चौरा, काकोरी और 1857 की लड़ाई देश की आजादी के लिए लड़ी गई थी। ऐसे क्रांतिकारियों को जातियों में नहीं बांटना चाहिए। लेकिन अखिलेश यादव को शहीदों के बलिदान में भी सियासत नजर आती है। सपा के लोग जातियों से आगे कुछ सोच ही नहीं पाते।
उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव का काम केवल नफरत फैलाना और झूठ बोलना है। वो जब सत्ता में थे तब उन्होंने केवल अपनी जेब भरी और माफियाओं को बढ़ाने का काम किया। लेकिन योगी सरकार के नेतृत्व में पूरे प्रदेश का विकास हो रहा है। यूपी का यही लगातार आगे बढ़ना अखिलेश की आंखों में गड़ रहा है।
योगी के संतुलित विकास ने विपक्ष को असंतुलन में डाला
दानिश आजाद अंसारी ने कहा कि यूपी की जनता अखिलेश यादव की मंशा को अच्छे से समझ चुकी है। सबको पता है कि अखिलेश यादव केवल अपने परिवार और पैसे वालों की चिंता करते हैं। राज्यसभा चुनाव ने उनके पीडीए के नारे की पोल खोल दी है। उन्होंने कहा कि योगी सरकार में पश्चिम से लेकर पूरब तक संतुलित विकास हुआ है। इसी संतुलित विकास ने विपक्ष को असंतुलन में डाल दिया है। कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के नेता इससे हैरान और परेशान हैं, क्योंकि जनता विकास के आधार पर सरकार पर विश्वास जता रही है और समाजवादी पार्टी को नकार चुकी है।
Next Story





