भारत
ईसीआई के साथ राजनीतिक दलों की बैठक, 28,000 से अधिक प्रतिनिधियों ने लिया हिस्सा
jantaserishta.com
1 Aug 2025 4:06 PM IST

x
नई दिल्ली: भारत निर्वाचन आयोग (ईसीआई) ने लोकतंत्र को मजबूत करने के लिए राष्ट्रीय और राज्य स्तरीय राजनीतिक दलों के नेताओं के साथ अपनी नियमित बैठकों को जारी रखा है। इन बैठकों का मकसद दलों के अध्यक्षों को अपने सुझाव और समस्याएं सीधे आयोग के सामने रखने का मौका देना है। यह कदम आयोग के उस लक्ष्य का हिस्सा है, जिसमें सभी संबंधित पक्षों के साथ मिलकर मौजूदा कानूनों के तहत चुनावी प्रक्रिया को और बेहतर बनाना है।
ईसीआई ने शुक्रवार को एक बयान में कहा, "पिछले 150 दिनों में ईसीआई ने कुल 4,719 सर्वदलीय बैठकों का आयोजन किया, जिसमें 40 बैठकें मुख्य निर्वाचन अधिकारियों (सीईओ), 800 बैठकें जिला निर्वाचन अधिकारियों (डीईओ), और 3,879 बैठकें निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (ईआरओ) द्वारा आयोजित की गई हैं। इन बैठकों में विभिन्न राजनीतिक दलों के 28,000 से अधिक प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया।"
निर्वाचन आयोग ने आगे कहा, "आयोग ने पहले ही कई मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से मुलाकात की है, जिनमें बहुजन समाज पार्टी (बीएसपी) की अध्यक्ष कुमारी मायावती के नेतृत्व में 6 मई 2025 को, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा के नेतृत्व में 8 मई 2025 को, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) के महासचिव एम.ए. बेबी के साथ 10 मई 2025 को, नेशनल पीपल्स पार्टी के अध्यक्ष कॉनराड संगमा के साथ 13 मई 2025 को, और आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व में 15 मई 2025 को हुई मुलाकात शामिल है।"
ईसीआई ने बताया कि विभिन्न राज्य मान्यता प्राप्त दलों के साथ भी बैठकें आयोजित की हैं। उन्होंने कहा, "ऑल इंडिया तृणमूल कांग्रेस (एआईटीसी) की अधिकृत प्रतिनिधि चंद्रिमा भट्टाचार्य के साथ 1 जुलाई 2025 को, युवजना श्रमिका रायथू कांग्रेस पार्टी के वाई.वी. सुब्बा रेड्डी के नेतृत्व में 3 जुलाई को, समाजवादी पार्टी के महासचिव रामगोपाल यादव के नेतृत्व में 3 जुलाई को, ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन के राष्ट्रीय अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी के नेतृत्व में 7 जुलाई को, तेलुगु देशम पार्टी के राज्य अध्यक्ष पल्ला श्रीनिवास राव के नेतृत्व में 15 जुलाई को, द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (डीएमके) के एन.आर. इलांगो के नेतृत्व में 17 जुलाई को, कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ इंडिया (मार्क्सवादी-लेनिनवादी लिबरेशन) के प्रतिनिधि संजय शर्मा के नेतृत्व में 22 जुलाई को, तिप्रा मोथा पार्टी के महासचिव बृषकेतु देबबर्मा के नृत्व में 23 जुलाई को, ऑल इंडिया अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (एआईएडीएमके) के प्रतिनिधि शनमुगम के नेतृत्व में 24 जुलाई को, शिवसेना नेता उदय सामंत के नेतृत्व में 29 जुलाई को और जनता दल (यूनाइटेड) के प्रतिनिधि अफाक अहमद खान के नेतृत्व में 31 जुलाई 2025 को मुलाकात की थी।"
इन बैठकों के माध्यम से ईसीआई ने राजनीतिक दलों के साथ संवाद को और मजबूत करने का प्रयास किया है, ताकि चुनावी प्रक्रिया में पारदर्शिता और विश्वास को बढ़ाया जा सके। आयोग ने सभी हितधारकों से सहयोग की अपील की है, ताकि भारत के लोकतंत्र को और सशक्त किया जा सके।
jantaserishta.com
भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।
Next Story





