भारत

पुलिसकर्मी से लूट, लिफ्ट देने के बहाने कार में बैठाकर की मारपीट

jantaserishta.com
22 May 2026 2:38 PM IST
पुलिसकर्मी से लूट, लिफ्ट देने के बहाने कार में बैठाकर की मारपीट
x
फैली सनसनी.
ग्रेटर नोएडा: ग्रेटर नोएडा के दादरी थाना क्षेत्र में एक पुलिसकर्मी के साथ लूट और मारपीट की गंभीर घटना सामने आई है। बदमाशों ने लिफ्ट देने के बहाने पुलिसकर्मी को कार में बैठाया और फिर रास्ते में उसके साथ मारपीट कर मोबाइल, एटीएम कार्ड, नकदी और अन्य सामान लूटकर फरार हो गए। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक पीड़ित अनुज कुमार पुत्र रामपाल सिंह निवासी ग्राम बदौनिया, थाना रजबपुर, जिला अमरोहा वर्तमान में मथुरा जिले के थाना जमुनापार में रिक्रूट आरक्षी के पद पर तैनात हैं। अनुज कुमार 20 मई 2026 को एक दिन की छुट्टी लेकर अपने घर अमरोहा जा रहे थे। रात करीब 9 बजे वह नोएडा के सेक्टर-63 क्षेत्र में जोया जाने के लिए वाहन का इंतजार कर रहे थे।
इसी दौरान एक ग्रे रंग की कार उनके पास आकर रुकी। कार चालक ने उनसे गंतव्य पूछा और जोया जाने की बात सुनकर उन्हें कार में बैठा लिया। कार में चालक समेत पहले से दो युवक और मौजूद थे। शुरुआत में सब सामान्य रहा, लेकिन कुछ दूरी तय करने के बाद कार सवार युवकों ने पुलिसकर्मी के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। पीड़ित का आरोप है कि विरोध करने पर कार में बैठे दोनों युवकों और चालक ने मिलकर उनके साथ मारपीट की।
बदमाशों ने उन्हें दबोच लिया और कार को काफी दूर तक ले गए। इस दौरान उनके चेहरे पर चोटें भी आईं। आरोपियों ने उनका बैग छीन लिया, जिसमें मोबाइल फोन, पर्स, बैंक ऑफ बड़ौदा ग्रामीण बैंक का एटीएम कार्ड और नकदी रखी हुई थी। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी दादरी थाना क्षेत्र के बोड़ाकी गांव के पास पहुंचे और चलती कार से पुलिसकर्मी को धक्का देकर नीचे फेंक दिया। इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
जाते समय बदमाशों ने पुलिसकर्मी को जान से मारने की धमकी भी दी। घटना के बाद पीड़ित किसी तरह थाना दादरी पहुंचा और पूरी घटना की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर के आधार पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार घटना की जांच के लिए टीम गठित कर दी गई है। आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया जाएगा।
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story