भारत

सिंधिया की VIP ड्यूटी से गायब पुलिसकर्मी, शराब के नशे में हंगामा करने पर सस्पेंड

SHIDDHANT
18 Sept 2026 8:39 PM IST
सिंधिया की VIP ड्यूटी से गायब पुलिसकर्मी, शराब के नशे में हंगामा करने पर सस्पेंड
x
खाकी शर्मसार VIP ड्यूटी से गायब जवान पर बड़ा एक्शन
GUNA गुना: केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया की VIP ड्यूटी में तैनात एक पुलिस कांस्टेबल का शराब के नशे में हंगामा करने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस विभाग ने कार्रवाई की है। आरोप है कि कांस्टेबल ड्यूटी से गायब होकर बाजार में शराब पी रहा था और विवाद के दौरान उसने सरकारी बंदूक भी फेंक दी।
वायरल वीडियो में कांस्टेबल मनोज वर्मा नशे की हालत में दिखाई दे रहा है। बताया जा रहा है कि वह केंद्रीय मंत्री की सुरक्षा व्यवस्था से जुड़ी ड्यूटी में तैनात था। आरोप है कि ड्यूटी छोड़कर वह बाजार क्षेत्र में पहुंच गया, जहां कुछ युवकों के साथ उसका विवाद हो गया।
वीडियो में पुलिसकर्मी लोगों से बहस करता और अभद्र भाषा का इस्तेमाल करता नजर आ रहा है। विवाद बढ़ने के दौरान उसने अपनी सरकारी बंदूक फेंक दी। इसके बाद वह वर्दी के बटन खोलते हुए नौकरी छोड़ने की बात करता दिखाई दिया। वीडियो में कांस्टेबल अपना नाम मनोज बताते हुए लोगों से माफी मांगता भी नजर आ रहा है।
पुलिस पहुंची तो धक्का-मुक्की का आरोप
घटना की सूचना मिलने के बाद कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिसकर्मी को वहां से ले जाने की कोशिश की गई,
लेकिन
आरोप है कि उसने पुलिस जवानों के साथ भी धक्का-मुक्की की। मौके पर मौजूद लोगों ने पूरी घटना का वीडियो बना लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो में आसपास मौजूद लोग पुलिसकर्मी के शराब के नशे में होने की बात कहते सुनाई दे रहे हैं। बताया जा रहा है कि घटना गुना शहर के कोर्ट के सामने लक्ष्मीगंज इलाके में ममता डेयरी के आसपास की है।
एसपी ने किया निलंबित
वीडियो सामने आने के बाद मामला पुलिस अधिकारियों तक पहुंचा। गुना पुलिस अधीक्षक हितिका वासल ने मामले को गंभीर लापरवाही मानते हुए कांस्टेबल मनोज वर्मा को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। पुलिस विभाग की ओर से मामले में आगे की जांच और कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि ड्यूटी के दौरान अनुशासनहीनता और सरकारी हथियार से जुड़ी लापरवाही को गंभीरता से लिया जाता है। फिलहाल वायरल वीडियो और घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच की जा रही है। कांस्टेबल के वायरल वीडियो में वह कई लोगों से बहस करता दिखाई दे रहा है। वह वीडियो बनाने की बात कहता है और कुछ लोगों से माफी मांगता भी नजर आता है। अब पुलिस विभाग पूरे मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई करेगा।
Next Story