भारत

शादी वाले घर पुलिस आएगी, SP साहब का फरमान, जानिए क्यों?

Nilmani Pal
29 April 2026 7:42 AM IST
शादी वाले घर पुलिस आएगी, SP साहब का फरमान, जानिए क्यों?
x
पढ़े पूरी खबर
यूपी। शादियों का सीजन चल रहा है। चारों तरफ जश्न का माहौल है। दूल्हा पक्ष हो या दुल्हन की तरफ के लोग, घर में शादी हो तो हर कोई उल्लसित नज़र आता है। अब उल्लास और हंसी-खुशी के इस माहौल में बारातियों-घरातियों के साथ इलाके के पुलिसवाले भी शामिल होंगे। गांव से लेकर शहर तक में होने वाले शादी समारोहो में पुलिस शामिल होगी। बीट पुलिस अधिकारी हर शादी में जाएंगे और वहीं खाना खाएंगे। इसके पीछे का मकसद है कि पुलिसवाले शादी में सिर्फ आएं-जाएं नहीं, बल्कि कुछ समय वहां पर बिताएं भी, ताकि अपराधों पर अंकुश लग सके। एसएसपी डॉ. कौस्तुभ ने इस संबंध में आदेश जारी कर इसकी जिम्मेदारी सीओ को सौंपी है।

गोरखपुर में शादी समारोह में कई घटनाएं सामने आई हैं। कौड़ीराम में हर्ष फायरिंग में एक शख्स की जान गई थी तो अभी शाहपुर में डीजे पर पसंदीदा गाना न बजाने पर जमकर मारपीट हुई। आसपास के जिलों में भी इस तरह की कुछ वारदातें सामने आई हैं। इसे देखते हुए एसएसपी ने पुलिस की सक्रियता को बढ़ाकर उसे शादी समारोह तक पहुंचा दिया है। उनका मानना है कि पुलिस सड़क पर मौजूद रहती है, लेकिन आए दिन विवाद अंदर शादी में हो जा रहा है। अगर पुलिस वहां पर रहेगी तो असलहों से लेकर अन्य विवाद पर उसकी नजर रहेगी और समय रहते अपराध रोका जा सकता है। हर्ष फायरिंग जैसी घटनाओं पर भी अंकुश लगेगा। पुलिसवाले रहेंगे तो कोई असलहा लहराने और हवा में गोलियां चलाने की हिमाकत तो नहीं ही करेगा।

इसके अलावा पुलिसकर्मी डीजे संचालकों और आयोजकों को निर्धारित सीमा में ही आवाज रखने के लिए जागरूक करेंगे। ध्वनि प्रदूषण को नियंत्रित करने के साथ यह भी सुनिश्चित करेंगे कि किसी को अनावश्यक असुविधा न हो। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई भी की जाएगी। जानकारों का कहना है कि शादी समारोहों में पुलिसवालों की मौजूदगी से बहुत सी अप्रिय घटनाओं पर अंकुश लगेगा। इससे मौके का फायदा उठाकर भीड़-भाड़ में घुसकर छेड़छाड़ या चोरी करने वालों की भी हिम्मत नहीं पड़ेगी। पुलिस की इस तरह की सक्रियता का काफी अच्छा परिणाम आने की उम्मीद है।

Next Story