भारत

पुलिस टीम पर फायरिंग, फोर्स लेकर अपराधियों के अड्डे पर पहुंचे थे अफसर

Nilmani Pal
13 Jun 2026 7:29 AM IST
पुलिस टीम पर फायरिंग, फोर्स लेकर अपराधियों के अड्डे पर पहुंचे थे अफसर
x
पढ़े पूरी खबर

पटना। मसौढ़ी थाना इलाके के मणिचक में छापेमारी के दौरान अपराधियों ने पुलिस टीम पर हमला कर फायरिंग कर दी. इस हमले में एक सब-इंस्पेक्टर (एसआई) और एक असिस्टेंट सब-इंस्पेक्टर (एएसआई) घायल हो गए. दोनों पुलिसकर्मियों का इलाज पटना एम्स में चल रहा है.

पुलिस ने बताया कि सीक्रेट इनपुट के आधार पर मसौढ़ी पुलिस की टीम एक अपराधी को गिरफ्तार करने मणिचक पहुंची थी. टीम अपराधी को पकड़ने की कार्रवाई कर ही रही थी कि तभी अचानक अपराधियों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी. गोलीबारी में एसआई राहुल कुमार और एएसआई संजय कुमार घायल हुए. सूत्रों के अनुसार, एक पुलिसकर्मी के पैर में और दूसरे के हाथ में गोली लगी. पटना के एसएसपी कार्तिकेय शर्मा ने इस एनकाउंटर की आधिकारिक पुष्टि करते हुए अपना बयान जारी किया है. एसएसपी के मुताबिक, पुलिस को मणिचक इलाके में किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने के लिए अपराधी के मौजूद होने की सूचना मिली थी. इसी इनपुट के आधार पर एडिशनल एसएचओ ने नेतृत्व में टीम छापेमारी के लिए रवाना हुई थी.

जैसे ही पुलिस की टीम मणिचक में अपराधी को दबोचने के लिए आगे बढ़ी, वैसे ही वहां घात लगाए बैठे अपराधियों ने पुलिस टीम को देखते ही सीधी फायरिंग शुरू कर दी. अचानक हुए इस हमले के बावजूद पुलिस टीम ने बहादुरी से मोर्चा संभाला और दोनों तरफ से जमकर गोलियां चलीं. इस क्रॉस फायरिंग में एडिशनल एसएचओ राहुल कुमार और एएसआई संजय कुमार को गोली लगी.

घायल पुलिसकर्मियों को बिना वक्त गंवाए इलाज के लिए पटना एम्स अस्पताल ले जाया गया, जहां फिलहाल उनकी स्थिति पर नजर रखी जा रही है. इस दुस्साहस के बाद एसएसपी कार्तिकेय शर्मा ने बताया कि अपराधियों की धरपकड़ के लिए घटनास्थल पर पुलिस की अन्य विशेष टीमों को तुरंत रवाना कर दिया गया है और पूरे इलाके की नाकेबंदी की जा रही है.


Next Story