भारत
छापेमारी करने गई पुलिस टीम पर हमला, SI समेत चार पुलिसकर्मी घायल; कई गिरफ्तार
jantaserishta.com
8 Nov 2026 3:51 PM IST

x
ग्रामीणों के बीच मौजूद असामाजिक तत्वों ने हमला कर दिया.
लखीसराय: बिहार के लखीसराय जिले में रविवार सुबह छापेमारी करने गई नगर थाना पुलिस की टीम पर ग्रामीणों के बीच मौजूद असामाजिक तत्वों ने हमला कर दिया। इस दौरान उपद्रवियों ने पुलिसकर्मियों पर जमकर पथराव किया और पुलिस के दो वाहनों को क्षतिग्रस्त कर दिया। हमले में एक सब-इंस्पेक्टर (एसआई), एक महिला पुलिसकर्मी और दो अन्य सिपाही घायल हो गए। घायल पुलिसकर्मियों को अस्पताल ले जाकर प्राथमिक उपचार कराया गया। पुलिस ने मामले में कई लोगों को गिरफ्तार किया है।
घटना बालगुदर गांव के सहनी टोला की है। पुलिस के मुताबिक, रविवार सुबह नगर थाना की पुलिस टीम को सूचना मिली थी कि गांव के काली स्थान के पास कुछ लोग नशे की हालत में हंगामा कर रहे हैं। वहां अवैध शराब का भंडारण होने के साथ जुआ खेलने की भी सूचना मिली थी।
इसके बाद पुलिस अधिकारियों को जानकारी देकर एक टीम छापेमारी के लिए गांव पहुंची। पुलिस टीम काली मंदिर से कुछ दूरी पहले वाहन छोड़कर पैदल आगे बढ़ी। इसी दौरान पुलिस को देखते ही वहां मौजूद लोगों ने हंगामा शुरू कर दिया और 'मारो-मारो' का शोर मचाते हुए पुलिसकर्मियों पर हमला कर दिया। पुलिस ने दो लोगों को पकड़ भी लिया था, लेकिन उपद्रवियों ने उन्हें छुड़ा लिया। इसके बाद करीब 200 लोगों की भीड़ जुट गई और पुलिस टीम पर पथराव शुरू कर दिया। इस हमले में एसआई त्रिभुवन ठाकुर के सिर में चोट आई है। इसके अलावा एक महिला कांस्टेबल और दो अन्य पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं। पथराव में पुलिस के दो वाहन भी क्षतिग्रस्त हो गए। घटना के संबंध में एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि पुलिस टीम सूचना का सत्यापन करने और कार्रवाई करने पहुंची थी। पुलिसकर्मियों ने लोगों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन उपद्रवियों ने हमला जारी रखा।
उन्होंने आरोप लगाया कि हमला सुनियोजित तरीके से किया गया था। पुलिस अधिकारी के अनुसार, घटना के बाद कार्रवाई करते हुए कम से कम 12 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज के आधार पर भी हमले में शामिल लोगों की पहचान कर रही है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि मामले की जांच की जा रही है और घटना में शामिल किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। साथ ही, निर्दोष लोगों के खिलाफ कार्रवाई नहीं की जाएगी और शेष आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।
jantaserishta.com
भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।
Next Story





