भारत

कांग्रेस नेता रणदीप सिंह सुरजेवाला को पुलिस ने भेजा समन

Nilmani Pal
19 May 2026 7:53 AM IST
कांग्रेस नेता रणदीप सिंह सुरजेवाला को पुलिस ने भेजा समन
x
पढ़े पूरी खबर

असम. पासपोर्ट को लेकर चल रहे एक बड़े विवाद में कांग्रेस के दिग्गज नेता और राज्यसभा सांसद रणदीप सिंह सुरजेवाला की मुश्किलें बढ़ गई हैं. असम पुलिस के मुताबिक, गुवाहाटी पुलिस की क्राइम ब्रांच ने कांग्रेस सांसद सुरजेवाला को पूछताछ के लिए समन जारी किया है.

ये पूरा मामला असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा की पत्नी रिनिकी भुइयां सरमा के पासपोर्ट से जुड़े एक विवाद से जुड़ा है. सुरजेवाला को 23 मई को गुवाहाटी के क्राइम ब्रांच पुलिस स्टेशन में पेश होने के लिए कहा गया है. बता दें कि कांग्रेस नेता सुरजेवाला पर इस विवाद को लेकर कई आरोप लगे हैं, जिसकी जांच अब असम पुलिस की क्राइम ब्रांच कर रही है.

रणदीप सिंह सुरजेवाला से पहले पवन खेड़ा को भी इस मामले में समन जारी किया जा चुका है. दरअसल कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने अप्रैल 2026 में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस बुलाई थी. इस दौरान उन्होंने असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा की पत्नी रिनिकी भुइयां सरमा के पास भारत के अलावा यूएई, मिस्र और एंटीगुआ जैसे देशों के पासपोर् होने के आरोप लगाए थे. इसके साथ ही उन्होंने सरमा परिवार पर विदेशों में अघोषित संपत्ति होने के भी आरोप लगाए थे. ऐसे में रिनिकी भुइयां सरमा ने गुवाहाटी के क्राइम ब्रांच पुलिस स्टेशन में पवन खेड़ा के खिलाफ धोखाधड़ी, जालसाजी, चुनावी समय में झूठे बयान देने और मानहानि के आरोप लगाते हुए केस दर्ज कराया था. सुप्रीम कोर्ट से अग्रिम जमानत मिलने की शर्तों के तहत पवन खेड़ा को भी जांच में शामिल होने के लिए गुवाहाटी पुलिस की क्राइम ब्रांच ने समन जारी किया था.

पवन खेड़ा 13 मई 2026 को गुवाहाटी में क्राइम ब्रांच के सामने पेश हुए थे, जहां उनसे पहले दिन 10 घंटे से भी ज्यादा समय तक पूछताछ की गई. इसके बाद वो 14 मई को भी जांच टीम के सामने पेश हुए. अब क्राइम ब्रांच ने पवन खेड़ा को इस मामले में आगे की पूछताछ के लिए 25 मई 2026 को दोबारा पेश होने के लिए समन जारी किया है.

Next Story