भारत

पुलिस स्टेशन को किया आग के हवाले, भीड़ ने की अधिकारी के साथ मारपीट

jantaserishta.com
6 Aug 2023 10:10 AM IST
पुलिस स्टेशन को किया आग के हवाले, भीड़ ने की अधिकारी के साथ मारपीट
x

DEMO PIC 

पुलिस वैन का इस्तेमाल गांजा तस्करी के लिए किया जा रहा है
भुवनेश्वर: ओडिशा के कंधमाल जिले में सैकड़ों ग्रामीणों ने पुलिस स्टेशन को आग लगा दी। गुस्साई भीड़ ने पुलिस पर गांजा तस्करों के साथ मिलीभगत का आरोप लगाया और एक सीनियर पुलिस ऑफिसर की पिटाई भी की। सैकड़ों लोगों ने फिरिंगिया ब्लॉक चौक पर सड़क जाम कर दी। इन लोगों ने आरोप लगाया कि पुलिस वैन का इस्तेमाल गांजा तस्करी के लिए किया जा रहा है। ये लोग फिरिंगिया थाने के इंस्पेक्टर तपन नाहक, होम गार्ड प्रशांत पात्रा और रबी दिगल और अन्य पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे थे।
दरअसल, बीते गुरुवार को गांजे से लदी एक पुलिस वैन को फिरिंगिया के सरपंच जालंधर कान्हार, पूर्व सरपंच और स्थानीय लोगों ने रोका था। आरोप है कि इस गाड़ी को लेकर एक तस्कर मादक पदार्थ बेचने के लिए बुधखंभा गांव जा रहा था। ग्रामीणों ने उग्र प्रदर्शन किया और थाने में आग लगाने से पहले तोड़फोड़ भी की। हालात को शांत करने की कोशिश में उपमंडलीय पुलिस अधिकारी की भीड़ ने की पिटाई कर दी। पुलिस महानिरीक्षक (दक्षिणी रेंज) सत्यब्रत भोई ने कहा कि अब स्थिति नियंत्रण में है।
सत्यब्रत भोई ने कहा कि इस साल पुलिस ने कंधमाल में 30 टन गांजा जब्त किया है। हमारी ओर से जांच की जाएगी कि क्या पुलिस गांजा तस्करी में शामिल है या यह फिर बरामदगी को देखते हुए ही स्थानीय लोग भड़क गए थे। वहीं, स्थानीय सरपंच जलंधर कन्हार ने आरोप लगाया कि पुलिस ने गांजा तस्करों से हाथ मिलाया हुआ है। उन्होंने कहा, 'हमने पुलिस अधिकारियों को उस समय पकड़ा जब वे गांजा की तस्करी कर रहे थे। यह पावर का गलत इस्तेमाल है। हमारे पास वीडियो हैं। जब भी जरूरत होगी हम इसे दिखाएंगे। हम पुलिस के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
ओडिशा पुलिस की ओर से गांजा के खिलाफ लगातार एक्शन भी जारी है। जून 2022 से जून 2023 के बीच पुलिस ने रिकॉर्ड 220 टन गांजा नष्ट किया है। दूसरी ओर, राज्य सरकार ने दावा किया कि नदियों का जलस्तर घट रहा है और बाढ़ की स्थिति नियंत्रण में है। जल संसाधन विभाग के प्रधान अभियंता (ईआईसी) भक्त रंजन मोहंती ने कहा कि महानदी और बैतरणी नदियों के कारण आई बाढ़ अब नियंत्रण में है। उन्होंने कहा कि जाजपुर जिले के रसूलपुर और जगतसिंहपुर जिले के कुजांग क्षेत्र में नदी तटबंधों में कटाव आ गए हैं। उन्होंने कहा, 'सभी नदियों का जलस्तर घट रहा है क्योंकि कल और आज वर्षा नहीं हुई।'
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story