भारत

पुलिस ने चोरी की तीन वारदातों का किया खुलासा, दो शातिर गिरफ्तार

SHIDDHANT
17 Aug 2026 7:47 PM IST
पुलिस ने चोरी की तीन वारदातों का किया खुलासा, दो शातिर गिरफ्तार
x
गिरफ्तार
Noida नोएडा: ग्रेटर नोएडा के बादलपुर थाने की पुलिस ने चोरी की घटनाओं का सफल अनावरण करते हुए दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की घटनाओं से संबंधित 1 लाख 28 हजार 500 रुपए नकद, पीली धातु की दो गिट्टियां, जिनका कुल वजन करीब 40.740 ग्राम है, और एक मोटरसाइकिल बरामद की है। आरोपियों ने पुलिस पूछताछ में बादलपुर थाना क्षेत्र में चोरी की कई घटनाओं में शामिल होने की बात स्वीकार की है। दोनों आरोपी आपस में रिश्तेदार बताए जा रहे हैं और इनके खिलाफ पहले से भी कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस के मुताबिक, 27 जुलाई 2026 को ग्राम सादोपुर की झाल स्थित पशुचारा की दुकान के मालिक ने थाना बादलपुर में शिकायत दी थी कि अज्ञात व्यक्ति दुकान के गल्ले में रखे रुपए चोरी कर ले गया। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर घटना के खुलासे के लिए टीम गठित की।
जांच के दौरान पुलिस टीम ने घटनास्थल और उसके आसपास लगे करीब 250 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसके साथ ही स्थानीय खुफिया तंत्र और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस की मदद से संदिग्धों की पहचान के प्रयास किए गए। लगातार की गई जांच के बाद पुलिस ने 17 अगस्त 2026 को महामाया एन्क्लेव के पास से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गुलफाम पुत्र सलीम और फरमान पुत्र शेर मोहम्मद के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, गुलफाम मूलरूप से अलीगढ़ के थाना पाली क्षेत्र के ग्राम मऊपुर का रहने वाला है और वर्तमान में लोनी क्षेत्र में रह रहा था। उसकी उम्र करीब 26 वर्ष है। वहीं फरमान आगरा के ग्राम सहारे का निवासी है और वर्तमान में दिल्ली के भजनपुरा क्षेत्र के मुस्तफाबाद में रह रहा था। उसकी उम्र करीब 21 वर्ष बताई गई है। पुलिस के मुताबिक दोनों अशिक्षित हैं। गिरफ्तारी के दौरान गुलफाम के कब्जे से 66 हजार रुपए नकद, 20.740 ग्राम वजन की पीली धातु की एक गिट्टी और मोटरसाइकिल बरामद हुई।
वहीं, फरमान के कब्जे से 62 हजार 500 रुपए नकद और 20 ग्राम वजन की पीली धातु की एक गिट्टी बरामद की गई। इस तरह दोनों के पास से कुल 1 लाख 28 हजार 500 रुपए और करीब 40.740 ग्राम पीली धातु बरामद हुई। पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि गुलफाम समरसेबल लगाने का काम करता है, जबकि फरमान सिलाई का काम करता है। दोनों आपस में रिश्तेदार हैं। आरोपियों ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर करीब एक महीने पहले सादोपुर झाल स्थित पशुचारा की दुकान से नकदी चोरी करने की बात कबूल की। इसके अलावा उन्होंने सहारा सिटी में एक बंद पड़े मकान को भी निशाना बनाया था। वहां से चोरी किए गए आभूषणों में से बचे हुए आभूषण को गलाकर पीली धातु की गिट्टियां बनवाने की बात आरोपियों ने पुलिस को बताई। आरोपियों ने यह भी बताया कि उन्होंने एयरफोर्स स्टेशन के सामने एक गाड़ी का शीशा तोड़कर उसमें रखा बैग चोरी किया था। पुलिस का कहना है कि पूछताछ में सामने आई जानकारियों के आधार पर चोरी की अन्य घटनाओं और गिरोह में शामिल फरार आरोपियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपियों का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड भी है। गुलफाम के खिलाफ मथुरा जिले के विभिन्न थानों में लूट, चोरी, डकैती, हथियार अधिनियम, गैंगस्टर एक्ट और अन्य गंभीर धाराओं में कई मुकदमे दर्ज हैं। वहीं फरमान के खिलाफ भी मथुरा के विभिन्न थाना क्षेत्रों में लूट, चोरी, डकैती, हत्या के प्रयास, हथियार अधिनियम, धोखाधड़ी और गैंगस्टर एक्ट समेत कई मुकदमे दर्ज बताए गए हैं। बादलपुर पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपियों के खिलाफ हाल में दर्ज तीन मुकदमों में भी उनकी संलिप्तता सामने आई है। पुलिस अब आरोपियों के फरार साथी की गिरफ्तारी और चोरी की अन्य घटनाओं से संबंधित सामान की बरामदगी के लिए प्रयास कर रही है। पुलिस का कहना है कि पूछताछ और जांच आगे बढ़ने पर चोरी की अन्य वारदातों का भी खुलासा हो सकता है।
Next Story