
x
शिवा शर्मा मामले में जांच तेज
लखनऊ। कारोबारी शिवा शर्मा की मौत की गुत्थी सुलझाने के लिए पुलिस ने शुक्रवार को घटनास्थल पर क्राइम सीन का रीक्रिएशन किया। फॉरेंसिक टीम ने करीब एक घंटे तक घटनाक्रम दोहराकर वैज्ञानिक और तकनीकी डेटा जुटाया। पुलिस हत्या, दुर्घटना और आत्महत्या, तीनों पहलुओं की जांच कर रही है।
डीसीपी सेंट्रल अर्पित विजयवर्गीय ने बताया कि पुख्ता वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाने और जांच को सही दिशा देने के लिए यह प्रक्रिया अपनाई गई। फॉरेंसिक टीम एक विशेष डमी लेकर पहुंची थी। वजन और लंबाई के अनुसार तैयार डमी की मदद से गिरने की दूरी, कोण और जमीन से टकराने के स्थान का तकनीकी विश्लेषण किया गया।
पुलिस जांच के मुताबिक, शिवा के शरीर पर चोटों और सिगरेट से जलाए जाने के निशान मिले हैं। मुख्य आरोपी श्रद्धा दुबे और अन्य सहयोगी मौत को अत्यधिक कर्ज के कारण आत्महत्या बता रहे हैं। हालांकि, जांच में मिले साक्ष्यों को पुलिस हत्या की आशंका से जोड़कर देख रही है।
पूछताछ में घटना से पहले शिवा को कथित तौर पर अपमानित करने और जबरन नचवाने की जानकारी भी सामने आई है। पुलिस इन आरोपों से जुड़े तथ्यों की पड़ताल कर रही है।
अदालत ने श्रद्धा दुबे, उसकी बहन रश्मि दुबे और ड्राइवर दानिश की न्यायिक रिमांड 26 नवंबर तक बढ़ा दी है। जांच के अनुसार, श्रद्धा ने नेपाल में अपना एक मोबाइल नष्ट करने की कोशिश की थी। अन्य फोन, होटल संबंधी रिकॉर्ड और यात्रा की लोकेशन का डेटा पुलिस ने जुटाया है।
पुलिस के मुताबिक, घटना के बाद तीनों आरोपियों के नेपाल जाने और लगातार लोकेशन बदलने की भी जांच हो रही है। अलग-अलग तथा आमने-सामने पूछताछ में उनके बयानों में अंतर मिला है। अपार्टमेंट की घरेलू सहायिका के बयान में भी कथित मानसिक और शारीरिक उत्पीड़न की जानकारी सामने आई है। पुलिस इन बयानों और तकनीकी साक्ष्यों का मिलान कर रही है।
Next Story





