भारत

IAS अधिकारी के पति को गिरफ्तार करने पहुंची पुलिस, घर पर लटका मिला ताला

Nilmani Pal
26 March 2023 1:04 AM GMT
IAS अधिकारी के पति को गिरफ्तार करने पहुंची पुलिस, घर पर लटका मिला ताला
x
जांच जारी
यूपी। उत्तर प्रदेश की आईएएस अधिकारी के पति को गिरफ्तार करने के लिए आंध्र प्रदेश पुलिस की सीआइडी टीम शनिवार को नोएडा पहुंची। स्थानीय पुलिस से संपर्क कर टीम सेक्टर-50 स्थित उस पते पर पहुंची, जहां से आरोपित को गिरफ्तार करना था। मकान में ताला लगा देख टीम बिना किसी को गिरफ्तार किए वापस लौट आई।

डीसीपी हरीश चंदर ने बताया कि आंध्रप्रदेश पुलिस की टीम सेक्टर-50 स्थित एक पते से एक व्यक्ति को गिरफ्तार करने आई थी। हालांकि, वहां की पुलिस नोएडा से किसी भी व्यक्ति को गिरफ्तार करके नहीं ले गई है। टीम जब पते पर पहुंची तो वहां पर ताला लगा हुआ था। बताया जा रहा है कि सीआइडी की टीम जिस सीनियर आइएएस अधिकारी के पति को गिरफ्तार करने के लिए पहुंची थी, उस पर 3300 करोड़ रुपये के घोटाले का आरोप है।

सीनियर आईएएस अपर्णा वर्तमान में उत्तर प्रदेश के एनएचएम निदेशक के पद पर तैनात हैं और पूर्व में भी प्रदेश में कई महत्वपूर्ण पदों पर रह चुकी हैं। वह कई साल पहले आंध्र प्रदेश में प्रतिनियुक्ति पर गई थीं। वह उस समय स्किल डेवलपमेंट डिपार्टमेंट में तैनात थीं। आरोप है कि प्रतिनियुक्ति के दौरान अधिकारी ने अपने पति को 3,300 करोड़ रुपये का ठेका दिलाया था। उनके पति ने फर्जी दस्तावेजों के सहारे ठेका लिया था। इसी मामले में आंध्र प्रदेश की टीम नोएडा पहुंची थी।

मिली जानकारी के मुताबिक आईएएस अपर्णा के पति को 8 मार्च को गिरफ्तार किया गया था। जिसके बाद उन्हें बेल मिली थी। जो 14 दिनों की थी। इसी प्रकरण में दोबारा गिरफ्तारी करने के लिए टीम पहुंची थी। सीनियर आइएएस के पति सीमेंस के पूर्व कर्मचारी बताए जा रहे हैं। बताया जा रहा है कि सीमेंस इंडस्ट्रियल सॉफ्टवेयर प्राइवेट लिमिटेड से सॉफ्टवेयर खरीदा गया। परियोजना के तहत आपूर्ति किए जाने वाले सॉफ्टवेयर की वास्तविक लागत 58 करोड़ रुपये थी, लेकिन कीमत 3,300 करोड़ रुपये तक बढ़ाई गई। परियोजना रिपोर्ट में हेरफेर किया गया। सुबह से ही आइएएस के पति के गिरफ्तारी की खबरें अलग-अलग ग्रुप पर चलती रहीं, हालांकि देर शाम तक नोएडा पुलिस ने इसकी पुष्टि नहीं की है। आंध्र प्रदेश से आई टीम में कुल चार लोग शामिल थे। टीम दोपहर दो बजे के करीब नोएडा के पते पर पहुंची थी।

Next Story