भारत

पुलिसकर्मियों के घर छापा, एक गिरफ्तार दूसरा फरार, नकली सिगरेट बनाने वाले व्यापारी से कर रहे थे वसूली

Nilmani Pal
15 May 2026 7:57 AM IST
पुलिसकर्मियों के घर छापा, एक गिरफ्तार दूसरा फरार, नकली सिगरेट बनाने वाले व्यापारी से कर रहे थे वसूली
x
पढ़े पूरी खबर

बिहार। बेगूसराय में नकली सिगरेट फैक्ट्री पर छापेमारी के बाद पूरे परिवार को फंसाने की धमकी देकर 3 लाख रुपये की वसूली की गई. इस मामले में पुलिस ने टाइगर मोबाइल के जवान अमन कुमार को गिरफ्तार किया है, जबकि दूसरे सिपाही के घर से वसूली के 3 लाख रुपये बरामद कर लिए गए. इस दौरान दूसरा सिपाही भाग निकला. यह पूरी घटना नगर थाना क्षेत्र की है.

दरअसल, नगर थाना पुलिस को 12 मई को सूचना मिली थी कि महमदपुर मोहल्ले में भारी पैमाने पर डुप्लीकेट सिगरेट बनाई जा रही है. सूचना के बाद टाइगर मोबाइल के दो जवान अमन कुमार और अंकेश कुमार ने छापेमारी की और मौके से 6400 पैकेट अलग-अलग डुप्लीकेट सिगरेट, 3600 सिगरेट का खाली पैकेट, 500 पैकेट से अधिक डुप्लीकेट जर्दा, प्रिंटिंग मशीन बरामद हुई. इस दौरान कारोबारी शिव शक्ति कुमार को पकड़ लिया गया. आरोप है कि टाइगर मोबाइल जवान ने पूरे परिवार को फंसाने की धमकी दी और तीन लाख रुपये की वसूली कर ली.

वहीं गुरुवार को आरोपी शिव शक्ति कुमार के बेटे ने नगर थाना में टाइगर मोबाइल के जवान अमन कुमार और अंकेश कुमार पर फंसाने की धमकी देकर तीन लाख रुपये वसूलने का आरोप लगाया. मामला पुलिस तक पहुंचने की खबर मिलते ही सहरसा का रहने वाला अंकेश कुमार छुट्टी पर घर चला गया. वहीं पुलिस ने अमन कुमार को हिरासत में ले लिया. इसके बाद पूछताछ में अमन ने बताया कि दोनों ने मिलकर पैसे लिए थे. अमन कुमार ने पुलिस को बताया कि पूरा पैसा अंकेश के पास है‌. यह जानकारी मिलते ही पुलिस टीम अंकेश के घर पर सहरसा पहुंची, लेकिन वह फरार था. तलाशी में उसके घर से तीन लाख रुपये बरामद कर लिए गए. फिलहाल टाइगर मोबाइल के जवान अमन को गिरफ्तार कर लिया गया है‌. कोर्ट में पेश करने के बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया, जबकि अंकेश की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगी है.

एसपी मनीष ने जारी किए गए नोट में कहा कि 12 मई को नकली सिगरेट की फैक्ट्री की जानकारी मिली थी. इस पर नगर थाने के दो टाइगर मोबाइल ने व्यवसायी शिवशक्ति कुमार की दुकान में छापेमारी कर नकली सिगरेट बरामद की थी. इसी को लेकर केस दर्ज किया गया.छापे के दौरान टाइगर मोबाइल के सिपाही ने व्यवसायी के पूरे परिवार को फंसाने की धमकी दी और 3 लाख की वसूली कर ली थी. इस मामले की शिकायत व्यवसायी के बेटे ने पुलिस से की. इसके बाद जांच की गई और सिपाही अमन कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया. उससे पूछताछ के बाद दूसरे टाइगर मोबाइल के सिपाही अंकेश कुमार के घर से राशि बरामद हुई. वहीं सिपाही अंकेश कुमार फरार है.

Next Story